सरायकेला। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी पूरे राज्य में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। इसी क्रम में बुधवार को सरायकेला में बीजेपी ने परिवर्तन यात्रा निकाली। इस दौरान पूर्व सीएम और बीजेपी नेता चंपाई सोरेन ने कहा कि रैली में मौजूद भीड़ यह संकेत दे रही है कि परिवर्तन निश्चित होगा। आदिवासी और मूलवासियों को फिर से अमन-चैन से जीने का मौका मिलेगा।

हेमंत जिस योजना के नाम पर छाती ठोकते हैं, वह मेरी है: चंपाई
चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में संघर्ष करने के बाद पांच महीने तक सत्ता संभालने का मौका मिला। कैलेंडर बना कर आईने की तरह योजनाओं को स्वीकृत किया। चंपाई ने मंईयां सम्मान योजना पर बोला कि आज जिस योजना के नाम पर सरकार छाती ठोकती ह,ै उसे मैंने लाया था। चाहे बहाली हो या फ्री में बालू देना, ये सारे मेरे काम थे। संताल परगना की धरती में 1855 में सिदो कान्हू ने तीर के नोक से संताल परगना बनाया और कास्तकारी अधिनियम बनाया।

आदिवासियों के अस्तित्व पर मंडरा रहा खतरा
चंपाई ने झामुमो को घेरते हुए बोला कि आज आदिवासियों का अस्तित्व संकट में आ गया है। संताल परगना के लोगों ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद को स्वीकार नहीं किया, लेकिन आज उसी धरती में बांग्लादेशी घुस कर जमीन पर कब्जा कर रहे हैं और सामाजिक व्यवस्था को तोड़ रहे हैं। इस घुसपैठ को सिर्फ बीजेपी ही रोक सकती है, इसलिए मैं एक क्षेत्रीय पार्टी से निकल कर बीजेपी में शामिल हुआ।

बीजेपी ही बांग्लादेशियों को भगा सकती है बाहर
चंपाई ने कहा कि बांग्लादेशियों को अगर कोई भगा सकता है तो वह बीजेपी ही है। कोई और राजनीतिक दल यह लड़ाई नहीं लड़ सकता है। आदिवासियों की अस्मिता को दूसरा कोई दल नहीं बचा सकता है।

कांग्रेस ने आदिवासियों के बारे में नहीं सोचा
चंपाई सोरेन ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक राज किया। लेकिन आदिवासियों और मूलवासियों के बारे में कभी नहीं सोचा। झारखंड को अलग राज्य बनाना बीजेपी की ही देन है। बीजेपी ने आदिवासी और मूलवासी के दर्द को समझा और देश में तीन नये राज्य बनाये।

जल्द आठवीं अनुसूची में शामिल होगी हो भाषा
चंपाई ने हो भाषा का जिक्र करते हुए कहा कि ओलचीकी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया है। हो भाषा को भी जल्द ही आठवीं अनुसूची में शामिल किया जायेगा। इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है। देश में वारंग शिति लिपि को शामिल करने का भी आश्वासन दिया है।

पूर्व सीएम चंपाई ने सुरक्षा में लगे सभी वाहन राज्य सरकार को लौटाये
रांची। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अपनी सुरक्षा में राज्य सरकार की तरफ से दी गयी सारी गाड़ियां वापस कर दी हैं। दरअसल, सरकार की तरफ से उनसे तीन गाड़ियां वापस मांगी जा रही थीं। इस बात पर उन्होंने सभी गाड़ियों को वापस कर दिया। यह भी बताया जा रहा है कि उनको एक सफारी गाड़ी दी गयी थी, जिसका एसी भी काम नहीं कर रहा था। इसलिए उन्होंने सारी गाड़ियों को लौटाना ही सही समझा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version