जेएमएम की सरकार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है, इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा को झारखंड से मुक्त करें
पलामू। केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को डालटनगंज में परिवर्तन सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल में एक हजार किलोमीटर की परिवर्तन यात्रा हुई है और इस यात्रा में आप लोगों का उत्साह देखते हुए मैं कह सकता हूं कि, झारखंड में परिवर्तन सुनिश्चित है। हेमंत सोरेन की सरकार का जाना तय है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार का आना भी तय है। उन्होंने झारखंड की जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन सरकार पर जम कर निशाना साधते हुए कहा कि ये गठबंधन नहीं ठगबंधन है। इन्होंने मिल कर झारखंड के जल, वन और खनिज संपदा को खोखला कर दिया है।
ये कैसा, मंईयां सम्मान
शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार की मंईयां सम्मान योजना को लेकर कहा कि पांच साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान जेएमएम ने महिलाओं से वादा किया था कि उन्हें हर महीने चूल्हा खर्च के लिए 2 हजार रुपये दिये जायेंगे, लेकिन 4 साल 10 महीने हेमंत सोरेन को माताओं-बहनों की याद नहीं आयी। अब चुनाव के नजदीक आते ही उनके खाते में महज एक हजार रुपये डाले जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि अगर एक महिला हितग्राही को 2 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से एक साल राशि मिलती, तो सालाना 24 हजार रुपये के हिसाब से पांच साल में हर महिला हितग्राही के खाते में अब तक 1 लाख 20 हजार रुपये मिलने चाहिए थे, लेकिन मिले केवल 2 हजार रुपये। यानी कि सोरेन सरकार महिलाओं के हक के 1 लाख 18 हजार रुपये भी डकार गयी। अगर हेमंत सोरेन मंईयां सम्मान की बात करते हैं, तो चुनाव से पहले महिला हितग्राहियों के खाते में 1 लाख 18 हजार रुपये दें। वहीं शिवराज ने कहा कि हमारी सरकार मध्यप्रदेश में है। लाड़ली बहना योजना चल रही है। हमारी सरकार महाराष्ट्र में है तो वहां भी लाड़की बहीण योजना चल रही है। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में है तो वहां भी महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को राशि दी जा रही है। ओड़िशा में अभी-अभी सरकार बनी है और वहां भी बहनों के खातों में पैसा डालना शुरू कर दिया गया है। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही झारखंड की बहनों के खातों में भी 2100 रुपये की राशि हर महीने डाली जायेगी।
फिजिकल टेस्ट हादसा नहीं, हत्या है
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सोरेन सरकार ने युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं मिली। अब चुनाव नजदीक आ गये हैं तो उत्पाद सिपाही भर्ती के नाम पर युवाओं को कड़ी धूप में 10-10 किलोमीटर तक दौड़ा दिया। इससे कई बच्चों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। हेमंत सोरेन जवाब दो, आज तक देश में किस फिजिकल परीक्षा में युवाओं की मौत हुई है, ये हादसा नहीं हत्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही हम इस पूरे मामले की जांच करायेंगे, दोषियों को छोड़ा नहीं जायेगा। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 2 लाख 87 हजार से ज्यादा खाली पड़े सरकारी पदों को भरा जायेगा। उन्होंने कहा कि जेएमएम सरकार युवाओं के साथ छल कर रही है। यहां 17 बार पेपर लीक हुए हैं और परीक्षाएं रद्द हुई हंै। ये झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं, पेपर लीक मोर्चा बन गया है। पेपर लीक करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। शिवराज सिंह ने कहा कि ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को दो साल तक दो हजार रुपये की राशि दी जायेगी, ताकि वह अच्छी नौकरी के लिए तैयारी कर सकें।
झारखंड में माटी, बेटी, रोटी संकट में है
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड की बहनें मेरे पास पोटली में माटी और अक्षत लेकर आ रही हैं और कह रही हैं कि झारखंड में माटी संकट में है, बेटी संकट में है और रोटी भी संकट में है। माटी, बेटी और रोटी को केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही बचा सकती है। श्री चौहान ने कहा कि, माटी इसलिए खतरे में हैं, क्योंकि झारखंड से कोयला बंगाल के रास्ते बांग्लादेश जा रहा है। बेटी इसलिए सुरक्षित नहीं है, क्योंकि झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए आ रहे हैं और हमारी बेटियों से शादी कर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और सोरेन सरकार विदेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। रोटी इसलिए खतरे में हैं क्योंकि जेएमएम सरकार, नौकरी और बेरोजगारी भत्ते का वादा करने के बाद भी पिछले पांच सालों में एक भी नौकरी और भत्ता नहीं दे सकी है। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही विदेशी घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे और झारखंड में माटी, बेटी और रोटी को सुरक्षित करेंगे।
भाजपा और प्रधानमंत्री जी किसान हितौषी हैं
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान हितैषी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के पलामू इलाके में भरपूर अरहर पैदा होती है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार अरहर का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पहले किसानों को प्रति एकड़ पर 5 हजार रुपये की राशि देती थी, लेकिन सोरेन सरकार ने किसानों को मिलनेवाली राशि भी बंद कर दी।