अमित यादव, जेपी वर्मा और नवनीत हेंब्रम ने थामा भाजपा का दामन
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, कांग्रेस पार्टी आरक्षण खत्म करने का रखती है विचार
हेमंत सरकार हटानी है, डबल इंजन की सरकार बनानी है
रांची। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार को बरकट्ठा के निर्दलीय विधायक अमित यादव, पूर्व विधायक जेपी वर्मा और राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसर नवनीत हेंब्रम ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी सहित कई नेता उपस्थित थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को राज्य के सत्ताधारी दल झामुमो, कांग्रेस और राजद पर जम कर निशाना साधा। श्री मरांडी शनिवार को पूर्व विधायक जेपी वर्मा, विधायक अमित यादव और पूर्व डीएसपी नवनीत हेंब्रम द्वारा प्रदेश कार्यालय में भाजपा के सदस्यता ग्रहण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने सदस्यता ग्रहण के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। करम पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी झामुमो अब परिवार की भी नहीं, बल्कि केवल पति-पत्नी की पार्टी बन कर रह गयी है। कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार काम करने के लिए नहीं, बल्कि कमाने के लिए बनी है। इस सरकार ने अपने एक भी वादे पूरे नहीं किये। बताने के लिए इस सरकार के पास पांच काम भी नही हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने नौकरी और बेरोजगारी भत्ता नहीं दिये, लेकिन अब तक नौकरी के नाम पर 17 युवाओं को मौत जरूर दी है। कहा कि कांग्रेस पार्टी के युवराज को अब भारत का लोकतंत्र नहीं बल्कि चीन का तानाशाह पसंद आ रहा। हजारों सिखों की हत्या करने वाली कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी सिख समुदाय के बारे में विदेश की धरती पर गलतबयानी कर रहे। कांग्रेस पार्टी को न देश से प्रेम है, न देश वासियों से। यह कांग्रेस अब तो देश के संविधान में दलितों पिछड़ों, आदिवासियों को मिले आरक्षण को भी समाप्त करने को सोच रही। उन्होंने आह्वान किया कि इस ठगबंधन और जनविरोधी नीतियों को जैसे लोकसभा चुनाव में जनता ने नकारा और मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार मोदी सरकार का संकल्प पूरा किया। उसी प्रकार से झारखंड से भी भ्रष्ट निकम्मी ठगबंधन सरकार को हटा कर डबल इंजन की सरकार भाजपा के नेतृत्व में बनाने का संकल्प लें।

प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि आज भाजपा के प्रति जन-जन में झुकाव बढ़ रहा। उन्होंने कहा कि नवनीत हेंब्रम जैसे लोग पुलिस की अच्छी नौकरी छोड़ कर राजनीति के कठिन मार्ग के पथिक बन रहे यह देश के लिए, राज्य के लिए शुभ लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि हमें मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही भ्रष्ट निकम्मी राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर करते हुए प्रदेश में भी एक मजबूत भाजपा एनडीए की सरकार बनाने को संकल्पित होना है। कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का भरोसा बढ़ा है। प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग कमिटी के चेयरमैन डॉ रविंद्र कुमार राय ने कहा कि भाजपा झारखंड की पीड़ा जानती है। भाजपा ने ही अलग राज्य के सपने को साकार किया। भाजपा की सरकार ही इसे सजायेगी, संवारेगी।

मैं अपनी पूरी ताकत झोंक दूंगा: अमित यादव
सदस्यता ग्रहण करते हुए विधायक अमित यादव ने कहा कि निर्दलीय होकर भी मैं सदा दल के साथ रहा। आज इसकी संवैधानिक औपचारिकताएं पूरी हो रहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेवारी देगी, मैं उसे पूरा करने में पूरी ताकत झोंक दूंगा।

पूर्व विधायक जेपी वर्मा ने कहा कि अपने घर में आकर पूर्ण महसूस कर रहा। यह पार्टी एक विशाल महासमुद्र है। कहा कि पार्टी से मेरा पुराना नाता है। जितना दिन दूर रहा, वह मेरे जीवन का काला अध्याय है। पूर्व डीएसपी नवनीत हेंब्रम ने कहा कि राज्य की पीड़ा को दूर करने, एक खुशहाल और विकसित झारखंड बनाने के संकल्प के साथ मैंने राजनीति को अपनाया है। भाजपा जन भावनाओं को समझते हुए विकासोन्मुख पार्टी है। राष्ट सेवा के स्पष्ट विचार नीति और नेतृत्व के साथ पार्टी देश समाज की सेवा कर रही। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने और धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता विजय चौरसिया ने किया। सदस्यता ग्रहण करनेवालों में झामुमो से दिनेश वर्मा, अमित पांडे, वीरेंद्र मंडल, अरुण राणा, राजू शर्मा, विकास पाठक, सुनील रवानी, दिलचंद्र वर्मा, प्रयाग वर्मा, रत्न गुप्ता, राजू मंडल, झंडू वर्मा, दीपक पाठक, जितेंद्र सिंह, सचित गुप्ता, जितेंद्र हाजरा, बसंत वर्मा सहित सैकड़ों शामिल हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version