जेएमएम ने चार साल 10 महीने गरीब महिलाओं की सुध नहीं ली, अब चुनाव से पहले चूल्हा खर्च के एक हजार देकर जाल बिछा रहे हैं
-बहनों का आर्थिक सशक्तिकरण भाजपा का संकल्प
रांची। केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान शनिवार को रांची पहुंचे। इस दौरान श्री चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में जेएमएम और कांग्रेस की गठबंधन सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने का वादा था, नौकरी नहीं मिली। बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा था, नहीं दिया। महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये चूल्हा खर्च देने का वादा किया था, लेकिन नहीं दिया। अब चुनाव के नजदीक आते ही फिर से जेएमएम खोखले वादे कर रहा है, लेकिन झारखंड की जनता इनके झूठे दावों को समझ चुकी है और अब इनके झांसे में आनेवाली नहीं है।
झारखंड की जनता झामुमो के झांसे में नहीं आयेगी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पांच साल पहले जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने वादा किया था कि गरीब बहनों को चूल्हा खर्च के लिए प्रतिमाह 2 हजार रुपये दिये जायेंगे, लेकिन चार साल 10 महीने पैसे नहीं दिये, जब चार साल और ग्यारहवां महीना शुरू हुआ, तब वोटों के लालच में एक हजार रुपये देकर जाल बिछा रहे हैं। श्री चौहान ने सोरेन सरकार से कहा कि पहले जो बचा हुआ पैसा है, वह दो हजार रुपये के हिसाब से गरीब बहनों को दो। श्री चौहान ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिकारी आयेगा, दाना डालेगा और जाल बिछायेगा, लेकिन झारखंड की जनता अब इनके झांसे में आनेवाली नहीं है। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जहां-जहां सरकारे हैं, वहां बहनों के खातों में पैसा डाला जा रहा है। छत्तीसगढ़ में हम किसानों के खाते में पैसा डाल रहे हैं, मैं मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री रहा हूं, हमारी बहन और बेटियों के खाते में पैसा डाला जा रहा है। महाराष्ट्र में 1500 रुपये बहनों के खाते में दिया जा रहा है। ओड़िशा में भी दिया जा रहा है। झारखंड में भी माताएं, बहनें निश्चिंत रहें, उनका आर्थिक सशक्तिकरण भाजपा का संकल्प है और हम जल्द ही इसे अपने संकल्प पत्र में शामिल करनेवाले हैं।
मोदी जी 15 सितंबर को झारखंड प्रवास पर
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सिंतबर को झारखंड की पवित्र धरती पर पधारने वाले हैं। झारखंड के जो भाई-बहन अब तक कच्चे घरों में रहते थे, उनके लिए 1 लाख 13 हजार 400 मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत किये गये हैं। मकान स्वीकृत कर केंद्र का अंश राज्य सरकार को भेज दिया गया है। अब राज्य सरकार को औपचारिकता पूरी करनी है। इसलिए 20 हजार स्वीकृति पत्र जारी किये जायेंगे और जिन मकानों की औपचारिकता पूरी हो गयी है ऐसे हितग्राहियों के खाते में मकान के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री पहली किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से डालेंगे। वहीं श्री चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री जमशेदपुर से आधुनिक वंदे भारत ट्रेन का प्रारंभ भी करेंगे, जो देश के कई हिस्सों में चलेगी और मोदी जी यहां एक विशाल सभा को भी संबोधित करेंगे।
हमारा प्रयास, हर गरीब को पक्का मकान मिले
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि झारखंड की सरकार के साथ ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने लगातार काम करने का प्रयास किया है, लेकिन राज्य में उतनी तेजी से काम नहीं हो सका। हमारे अधिकारी यहां की सरकार के अधिकारियों से निरंतर संपर्क में बने हुए हैं। जितने मकानों की औपचारिकता पूरी कर ली जायेगी, उतने हितग्राहियों के खाते में राशि डाली जायेगी। लगातार हमारा प्रयास रहेगा कि हर गरीब को पक्का मकान मिल जाये। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत जो अत्यंत पिछड़ी जनजातियां हैं, जिनके पास कच्चे घर हैं, उन सभी को पक्का मकान देने के लिए अभियान चलाया गया है। अब यहां की राज्य सरकार को तेजी से काम करने की कोशिश करनी थी, ताकि गरीबों को फायदा मिल जाये।