वन नेशन वन इलेक्शन अधिनायकवाद को स्थापित करता है
रांची। मोदी कैबिनेट ने बुधवार को एक देश एक चुनाव के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हम किसी भी सूरत में वन नेशन वन इलेक्शन को नहीं मानने वाले हैं। सुप्रियो ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के सहारे भाजपा चुनाव की पूरी प्रक्रिया को दूषित करना चाहती है। यही भाजपा निर्वाचित सरकारों के अधिकारों को काटती है, सरकार को तोड़ने का काम करती है, दल को तोड़ती है और अपने साथ ले लेती है। इसके लिए भाजपा नेताओं की खरीद-फरोख्त करती है। उनको प्रलोभन देती है। उनको सत्ता पर बिठा देती है या उन पर मुकदमा लाद देती है। बुधवार को सुप्रियो भट्टाचार्य झामुमो प्रदेश कार्यालय में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की मुख्य स्रोत है आरएसएस, जो मनुवाद की सोच पर चलता है। उन्होंने कहा कि हेडगेवार को मानने वाले लोग अब गांधी के देश को बर्बाद करने पर तुले हैं।

भट्टाचार्य ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन अधिनायकवाद को स्थापित करता है। भाजपा जिस तरह से आगे बढ़ रही है, उससे लग रहा है कि वह संविधान बदलने की नियत के साथ चल रही है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के सहारे संविधान बदलने की पटकथा लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे देश में अधिनायकवाद स्थापित होगा, जो जन आकांक्षाओं पर सीधा हमला करेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल के 100 दिन बीतते ही वन नेशन वन इलेक्शन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसकी तिथि भी 2029 चुनी गयी है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव से देश के कम से कम 25 लाख जनप्रतिनिधियों के अधिकारों पर हमला किया गया है। भट्टाचार्य ने कहा कि एक तरह से ये वन नेशन वन इलेक्शन आदिवासी परंपरा पर भी कुठाराघात करने वाला साबित होगा। सुप्रियो ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनी हुई सरकार को तोड़ती है। इसमें सफल नहीं होने पर झूठे मुकदमे लाद कर अपनी सरकार बना लेती है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार के इस प्रस्ताव को कभी सहन नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर जगह चुनाव हार रही है, लेकिन चुनाव हारने के बाद भी अपना शासन थोपना चाहती है।

पीएम भूत की चर्चा करते हैं और भूत भगाने के लिए भी लोग आ जाते हैं
सुप्रियो ने कहा कि पीएम भूत की चर्चा करते हैं और भूत भगाने के लिए भी लोग आ जाते हैं। अभी झारखंड में गृह मंत्री भी आने वाले हैं, पर भाजपा को इस बार कोई नहीं बचा सकता। भट्टाचार्य ने सवालिया लहजे में पूछा कि आखिर किसने कह दिया कि एक साथ चुनाव से वोटिंग प्रतिशत बढ़ जायेगा। उन्होंने कहा, भाजपा यह झूठी दलीलें देना बंद करे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version