खूंटी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और राज्य के पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि मोदी सरकार के पहले हम दूसरे देशों से सहायता मांगते थे, अब हम उनकी मदद कर रह हैं। 2014 से पहले देश की हालत काफी दयनीय थी, लेकिन अब हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं।
09
मुंडा रविवार को जिला भाजपा कार्यालय प्रबुद्ध जन संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी वर्ग, शिक्षाविद, समाजसेवी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। अतिथियों की ओर से महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध जनों का मार्गदर्शन समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार से पहले देश की हालत काफी खराब थी। हमें हाथ फैला कर दूसरे देशों से मदद मांगनी पड़ती थी, लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद अब हम दूसरे देशों को मदद भी करते हैं और अपने बल और शौर्य से दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब भी देते हैं। कोरोना काल में जरूरतमंद देशों को मुफ्त वैक्सीन भी देने का काम हमने किया। उन्होंने कहा कि वोकल फोर लोकल अपना कर हम देश को आर्थिक रूप से नंबर वन बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।

मोदी जी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को व्यावहारिक रूप से धरातल पर उतार कर देश को नई दिशा दी है। उन्होंने चंद्रयान-3, जी-20 की अध्यक्षता और आत्मनिर्भर भारत अभियान को उनके दूरदर्शी नेतृत्व की मिसाल बताया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राकेश भास्कर ने राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह पहल न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक है, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।

मंच संचालन जिला महामंत्री संजय साहू और धन्यवाद ज्ञापन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा देवी ने किया। कार्यक्रम में राजकुमार गुप्ता, भीम सिंह मुंडा, किशोर गौंझू, गिरीश जायसवाल, मदन मोहन मिश्रा और बासमती देवी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version