रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर भागवत को समर्पित भावों के साथ बधाई दी।

मरांडी ने लिखा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र को आत्मसात कर समाज में समरसता और बंधुत्व की भावना सशक्त करने वाले भागवत जी हम करोड़ों स्वयंसेवकों के प्रेरणा स्रोत हैं। मैं बाबा बैद्यनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

डॉ. मोहन भागवत का जन्म 11 सितंबर 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में हुआ था। नागपुर विश्वविद्यालय से स्नातक शिक्षा पूरी करने के बाद वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पूर्णकालिक रूप से जुड़ गए और प्रचारक के रूप में कार्य करना शुरू किया। वर्ष 2009 में वे संघ के छठे सरसंघचालक बने। उनके नेतृत्व में संगठन ने सामाजिक समरसता, शिक्षा, पर्यावरण, ग्राम विकास और सेवा कार्यों को नई दिशा दी है।

भागवत आज भी अपने विचारों और कार्यशैली से संघ और उससे जुड़े संगठनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version