रांची/नामकुम। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, विधायक कल्पना सोरेन, ने बुधवार को झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता और पूर्व विधायक दिवंगत दुर्गा सोरेन की जयंती पर स्मृति स्थल पहुंचकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों ने नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा सोरेन झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे। उनके संघर्ष, विचार और योगदान को झारखंड कभी भूल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हम सभी श्रद्धा और सम्मान के साथ यहां एकत्रित होकर उन्हें याद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में आगे कहा कि “दुर्गा सोरेन सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि झारखंडी अस्मिता और जनआंदोलन की पहचान थे। उनके आदर्श और सिद्धांत आज भी हमारी राजनीतिक यात्रा का मार्गदर्शन करते हैं।”