खूंटी। खूंटी जिले में जंगली हाथियों का आतंक और खूनी खेल लगातार बढ़ता जा रहा है। शायद ही कोई ऐसी रात गुजरती है, जब गजराज किसी न किसी गांव में आतंक न मचाते हो। मंगलवार की रात को भी रनिया थाना क्षेत्र के बोंगतेल गांव के नजदीक जंगल के पास जंगली हाथी ने 32 वर्षीय कृष्णा सिंह नामक युवक को कुचलकर मार डाला। कृष्णा सिंह स्थानीय ग्रामीणों के साथ गांव में घुसे एक जंगली हाथी को गांव से जंगल की ओर भगा रहा था। इसी दौरान जंगली हाथी ने कृष्णा पर हमला कर दिया और उसे कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद मामले की जानकारी वन विभाग के कर्मियों को दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णा सिंह को कुचलने के बाद जंगली हाथी शव के नजदीक घंटों खड़ा रहा। इसके कारण रात में स्थानीय ग्रामीण शव को ला नहीं सके। घटना की सूचना रनिया थाना की पुलिस को दे दी गई है। कृष्णा सिंह शादीशुदा था। उसकी पत्नी के अलावा छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं। वह गांव में रहकर खेती किसानी का कार्य करता था। बोंगतेल गांव में पिछले 15 दिनों से जंगली हाथी लोगों के घरों को निशाना बना रहे हैं। इसके कारण गांव में दहशत का महौल है। शाम होने के बाद लोग घरों से निकलना छोड़ दिया है।
हाथी के हमले से युवक घायल
तपकरा थाना क्षेत्र के डेरांग में मंगलवार की रात एक जंगली हाथी ने पेतरूस गुड़िया नामक युवक पर हमला कर दिया। इससे युवक घायल हो गया। रात को उसे रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पेतरूस गुड़िया ने बताया कि वह मंगलवार को चुरदाग साप्ताहिक बाजार से अपने घर डेरांग पहान टोली लौट रहा था। इसी दौरान देर शाम को घर से कुछ दूर पहले एक जंगली हाथी ने झाड़ी से निकल कर हमला कर दिया। हाथी ने उसे पैर से धक्का मारा, तो पेतरूस दूर जा गिरा। उसके बाद हाथी खुद दूसरे रास्ते चला गया। घटना को स्थानीय ग्रामीणों ने देखा, तो उसे लेकर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
घायल युवक से मिले विधायक
हाथी के हमले में युवक के घायल होने की सूचना मिलने पर विधायक सुदीप गुड़िया बुधवार को सुबह रेफरल अस्पताल पहुंचे और घायल युवक एवं उसके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने चिकित्सकों को युवक का बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया।