चंदवा (प्रतिनिधि)। रांची-डालटेनगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदवा प्रखंड स्थित चीरो मोड़ के पास सोमवार को सड़क हादसे में एक स्कूली छात्र की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, चंदवा थाना क्षेत्र के रुद्र मूर्तियां गांव निवासी पीयूष कुमार सिंह (18 वर्ष), पिता अमरनाथ सिंह, अपने दोस्त फुलेश्वर सिंह (18 वर्ष), पिता बृज मोहन सिंह के साथ बाइक से चंदवा प्लस टू हाई स्कूल जा रहा था। रास्ते में रांची से डालटेनगंज जा रही एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार काफी तेज गति में थे और अनियंत्रित होकर वाहन से टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का चक्का और आधा हिस्सा वाहन में धंस गया, जबकि बाकी हिस्सा सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने पीयूष को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल फुलेश्वर की हालत गंभीर होने पर उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाइक सवार युवकों द्वारा लापरवाहीपूर्ण और तेज रफ्तार में वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। मृतक पीयूष कुमार सिंह कक्षा 10वीं का छात्र था।