हजारीबाग। हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जेल में बंद कारोबारी विनय सिंह के डेमोटांड़ स्थित शोरूम को अस्थायी रूप से सील कर दिया है। यह कार्रवाई सोमवार को की गई, जिसके बाद प्रतिष्ठान के बाहर नोटिस भी चिपकाया गया है। इससे पूर्व एसीबी की टीम ने रविवार को शोरूम में जांच शुरू की थी, जो आठ घंटे तक चली थी। जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद सोमवार को शोरूम को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेर रखा था और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। एसीबी की ओर से चिपकाये गए
नोटिस में बताया गया है कि रांची थाना कांड संख्या 9/25 (दिनांक 20 मई 2025) के अनुसंधान के क्रम में तलाशी अभियान पूरा नहीं हो सका था। इसी कारण शोरूम को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखा और कहा कि आधिकारिक जानकारी रांची मुख्यालय से ही साझा की जाएगी।एसीबी डीएसपी शातीक अनवर रिजवी ने पुष्टि की है कि विनय सिंह के खिलाफ भूमि घोटाला और शराब घोटाला दोनों मामलों की जांच जारी है। इसी जांच के सिलसिले में यह सीलिंग की कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के अनुसार, विनय सिंह हजारीबाग के तत्कालीन उपायुक्त विनय चौबे के करीबी रहे हैं, और दोनों मामलों की कड़ियां आपस में जुड़ी मानी जा रही हैं।