रांची। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में हुई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिषद् की बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष राज्य के विकास का खाका पेश किया। कहा कि झारखंड की सवा तीन करोड़ आबादी में से 1.99 करोड़ लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। राज्य के 14 विभागों में केंद्र सरकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बताया कि ऊर्जा विभाग में केंद्र सरकार की ओर से तीन योजनाएं संचालित हो रही हैं। इसमें दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, अटल ग्रामीण ज्योति योजना एवं सौभाग्य योजना शामिल है। इन तीनों योजनाओं में लाभुकों की संख्या छह लाख 29 हजार 679 है। महिलाओं को एक रुपये के निबंधन शुल्क में जमीन की रजिस्ट्री करानेवाली महिलाओं की संख्या 91,886 है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में आठ लाख 35 हजार, प्रधानमंत्री आवास योजना में 95 हजार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में लाभुकों की संख्या 14 लाख है। बैठक में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में संगठन की ओर से चलायी गयी गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गयी। मिशन 2019 को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में दोपहर 12 बजे से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई, जो लगभग आठ घंटे तक चली। प्रधानमंत्री ने जहां भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री से सरकारी योजनाओं की एक-एक कर जानकारी ली, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सभी मुख्यमंत्री से संगठन की जानकारी ली। कहा गया कि विकास कार्यों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाये। योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी नहीं की जाये। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित थे। (पेज चार भी देखें)
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

