रांची। मिशन 2019 को लेकर भाजपा रेस हो चुकी है। इसी कड़ी में आगामी चुनाव को लेकर रविवार को सीएम रघुवर दास ने अपने आवास पर पार्टी नेताओं संग मंथन किया। बैठक में मुख्यमंत्री ने चलें बूथ की ओर का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। चुनाव अब सिर पर है, सभी सक्रिय हो जायें। बूथ मजबूती पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि 15 दिनों के अंदर सभी बूथों के सदस्यों का फोटो पहचान पत्र बनाने का काम पूरा करें। बैठक में झारखंड भाजपा के लोकसभा और विधानसभा संयोजकों के साथ-साथ सभी जिला अध्यक्ष मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचायें। आयुष्मान भारत योजना का प्रचार करें। बैठक में यह जानकारी दी गयी कि 50 प्रतिशत सदस्यों का फोटो पहचान पत्र बन गया है। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने एक-एक जिला अध्यक्ष से बूथ सदस्यों की जानकारी ली।
11 अक्टूबर को बिरसा स्मृतिस्थल का शिलान्यास आदिवासी गांवों से आयेगी मिट्टी : बैठक के दौरान रांची के पुराना जेल रोड स्थित बिरसा स्मृति स्थल के शिलान्यास के लिए 11 अक्टूबर की तारीख तय की गयी। बिरसा स्मृति स्थल का शिलान्यास मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। बैठक के दौरान फैसला लिया गया कि राज्य भर के वैसे सभी गांव, जहां आदिवासियों की संख्या 500 से ज्यादा है, वहां से मिट्टी लाकर बिरसा स्मृति स्थल पर रख कर धरती आबा को सच्ची श्रद्धांजलि दी जायेगी। बिरसा स्मृति स्थल में झारखंड के तमाम शहीदों की जीवनी और संघर्षगाथा को भी प्रदर्शित किया जायेगा। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, आदित्य साहू, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, मनोज सिंह सहित अन्य मौजूद थे।