रांची। झारखंड राज्य वित्तरहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले अनुदान और अधिग्रहण सहित नौ सूत्री मांग के समर्थन में शिक्षाकर्मी शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले। रांची के मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शनकारी शिक्षकों और कर्मचारियों को पुलिस ने राजभवन से पहले ही रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों और पुलिस के साथ हल्की नोक-झोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद राजभवन के समीप ही शिक्षाकर्मी सरकार और विभागीय अधिकारियों के विरोध में नारेबाजी करने लगे। उसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को अपना मांग पत्र सौंपा। मौके पर मोर्चा के डॉ सुरेंद्र झा, नरोत्तम सिंह, विजय झा, मनोज कुमार, चंद्रशेखर समेत अन्य ने कहा कि 15 वर्ष का शैक्षणिक अनुभव रहने के बाद भी बीएड के नाम पर वित्त रहित शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में चरण बद्ध आंदोलन चलाया जायेगा। मोर्चा के डॉ सुरेंद्र झा और सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सचिव से बात की। आठ अक्टूबर को मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय दिया गया है।
Previous Articleव्यवसायी की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
Next Article आरोपों के बीच अमेरिकी SC के न्यायाधीश बने कावानाह