धनबाद। शनिवार की सुबह धनबाद सांसद पशुपति नाथ सिंह के आवास का भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। उनके साथ सिंदरी नगर के विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों के साथ आम लोग भी थे। ये लोग आवास परिसर में ही धरना पर बैठ गये और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे। ये सभी पिछले दिनों सिंदरी भाजपा नगर अध्यक्ष विजय सिंह और शैलेंद्र सिंह पर हुए हमले के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, सिंदरी इंस्पेक्टर और डीएसपी का तबादला नहीं किया जाता है, तब तक धरना जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं के रुख को देखते हुए सांसद पीएन सिंह ने वरीय पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर आरोपियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई करने की बात कही।

सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वह जल्द से जल्द कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री और डीजीपी से बात करेंगे। समझाने के बाद कार्यकर्ता धरना समाप्त कर वहां से वापस गये। धरना देने वालों में युवा लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र द्विवेदी, भाजपा जिला प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिनेश सिंह, वरीय भाजपा नेता व सिंदरी चैंबर के सचिव दीपक कुमार दीपू, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विमान गोस्वामी, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष रंजना शर्मा, नगर अध्यक्ष बिजय सिंह, वरीय कार्यकर्ता शैलेश सिंह तथा अन्य थे।

अराजकता का माहौल, अपराधियों का फन कुचलना होगा : सांसद
सांसद पीएन सिंह ने बाद में कहा कि कोयलांचल में अराजकता का माहौल है। यहां के लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस करते हैं। उद्योग-धंधे बंदी के कगार पर है। धनबाद को अपराध मुक्त बनाना होगा। सांसद ने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है। यहां के अपराधियों का फन कुचलना जरूरी है। सांसद ने सीएम रघुवर दास की तारीफ करते हुए कहा कि मोमेंटो झारखंड समेत उद्योग-धंधे बढ़ाने का, निवेशकों को लुभाने का लगातार प्रयास किया गया है, आगे भी किया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version