रांची। सीएम रघुवर दास ने कहा है कि कृषि में लगातार लागत बढ़ रही है। किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। कृषि में तकनीक का इस्तेमाल कर लागत कम करने के साथ ही उपज बढ़ायी जा सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार किसानों को नयी तकनीक और आधुनिक खेती की जानकारी के लिए इजरायल भेज रही है। किसान वहां से खेती की नये तरीके सीख कर झारखंड के किसानों को भी प्रशिक्षित करेंगे। सीएम इजरायल जानेवाले किसानों के दूसरे जत्थे में शामिल 21 किसानों को संबोधित कर रहे थे।

2022 तक आय दोगुनी करनी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। पारंपरिक खेती से यह संभव नहीं है। कृषि के साथ-साथ बागवानी, दूग्ध पालन, मत्स्य पालन, फल-सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देना जरूरी है। झारखंड में सब्जी का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। खाड़ी देशों में आर्गेनिक सब्जियों की काफी मांग है। सरकार किसानों को बाजार उपलब्ध करा रही है। किसानों की मदद के लिए ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट का आयोजन किया जा रहा है। यहां किसानों को नयी तकनीक के साथ ही बाजार की जानकारी भी मिलेगी।

किसानों के दल का नेतृत्व डीसी दुमका करेंगे
इजरायल जानेवाली टीम का नेतृत्व दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार करेंगे। उनके साथ गुमला उपायुक्त शशिरंजन, कृषि विभाग के स्पेशल सेक्रेटरी प्रदीप कुमार, समिति के निदेशक डॉ एमएसए महालिंगम शिवम, सीइओ राजेश प्रसाद सिंह तथा जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा टीम में हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version