मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और एक्टर रणवीर सिंह की शादी के अटकलों पर आखिर दीपिका ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिये विराम लगा दिया। दरअसल, दीपिका पादुकोण ने अपने फेसबुक पेज अपनी शादी का कार्ड पोस्ट किया है। पोस्ट के मुताबिक इन दोनों की शादी 14 नवंबर और रिसेप्शन 15 नवंबर को तय हुआ है। बता दें कि शादी का यह कार्ड सफेद और गोल्डन कलर का है। दीपिका-रणवीर की शादी के कार्ड पर लिखा है, इतने सालों में आपने जो हमें प्यार… दिया है, उसके लिए हम आपके आभारी हैं और हमारे शुरू होने वाले प्रेम, दोस्ती और विश्वास के इस खूबसूरत सफर के लिए हम आपके आशीर्वाद की कामना करते हैं।
2013 से डेट कर रहा है यह कपल
हालांकि शादी के कार्ड में इस बात का कहीं जिक्र नहीं किया गया है कि दोनों शादी कहां कर रहे हैं। वैसे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इनकी शादी भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की तरह विदेश में ही होगी। बता दें कि दीपिका और रणवीर की जोड़ी हमेशा आॅन स्क्रीन और आॅफ स्क्रीन दोनों जगह खूब पसंद किया जाता है। वैसे खबरों की मानें तो ये कपल 2013 से एक-दूसरे को डेट कर रहा है। इन दोनों की कई फिल्में एक साथ आयी हैं, जिन्हें दर्शकों ने खूब प्यार दिया है। इनकी गोलियों की रासलीला: रामलीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत सुपर हिट हुई थी।