खूंटी। तोरपा प्रखंड के हुसीर पंचायत अंतर्गत मुनगा टोली, रोन्हे गांव में रविवार रात आकाशीय बिजली गिरने ने 52 वर्षीय किसान निस्तार टोपनो की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार निस्तार टोपनो अपनी बारी में कृषि कार्य कर रहे थे। उसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और बारिश की संभावना को देखते हुए वे घर लौटने लगे। घर पहुंचने से पहले ही आकाशीय बिजलीकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया प्रदीप गुड़िया को जानकारी दी। मुखिया ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल निस्तार टोपनो को रेफरल अस्पताल, तोरपा भेजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि रविवार को जिले के कर्रा प्रखंड की कच्चाबारी पंचायत स्थित पतरा टोली में भीआकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी।



