रांची। झारखंड की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। पूर्व सीएम मधुकोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गयीं। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने से पहले गीता कोड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड कांग्रेस के कई नेता वहां मौजूद थे। गीता कोड़ा झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी हैं। वह वर्तमान में झारखंड के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वहीं, मधु कोड़ा की पार्टी नाम जय भारत विकास पार्टी है।

गौरतलब है कि सितंबर 2006 में गीता कोड़ा के पति मधु कोड़ा झारखंड के सीएम बने थे। वह झारखंड के पहले ऐसे सीएम थे, जो निर्दलीय थे। बाद में उनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। उन आरोपों में उन्हें जेल भी जाना पड़ा। अभी भी कई मामलों में सुनवाई चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक 2019 में गीता कोड़ा लोकसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। मिशन 2019 के मद्देनजर झारखंड में भाजपा के खिलाफ विपक्षी पार्टियां लामबंद होने की कोशिश में हैं। आपसी खटास को खत्म कर विपक्षी महागठबंधन को धरातल पर उतारने की कवायद है। अगर यह सफल रहा, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में तालमेल करने में आसानी रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम मौजूद थे।

भाजपा ने गीता कोड़ा से झाड़ा पल्ला : झारखंड विधानसभा में लगभग चार साल से ट्रेजरी बेंच के साथ कंधे से कंधा मिला कर बैठने वाली गीता कोड़ा से बीजेपी ने पल्ला झाड़ लिया है। प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि गीता कोड़ा पार्टी की प्राथमिक सदस्य तक नहीं थीं। ऐसे में उनके कांग्रेस में जाने से झारखंड में बीजेपी को कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version