रांची। मिशन 2019 को लेकर झारखंड की सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। विपक्ष और सरकार की सहयोगी पार्टी भी झारखंड में अपने अस्तित्व को बचाये रखने के लिए संघर्षरत है। भाजपा अपने संगठन के माध्यम से अगला चुनाव जीतना चाहती है। प्रदेश स्तर पर इसको लेकर लगातार कार्यक्रम किये जा रहे हैं।

सोमवार को मिशन 2019 को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री रघुवर दास के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लोकसभा चुनाव पर चर्चा हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री से एक-एक लोकसभा सीट का ब्योरा लिया। जानकारी के अनुसार दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री ने सभी लोकसभा सीटों की रिपोर्ट मंगायी थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक-एक सांसद की सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा की। शाह ने सांगठनिक स्तर पर सांसदों के कार्यों की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान सत्ता एवं संगठन के माध्यम से किये जा रहे कार्यों की जानकारी शाह को दी। संगठन के स्तर पर शाह द्वारा पिछले दौरे में सौंपे गये टास्क के बारे में भी सीएम ने जानकारी दी। केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति और इसके लाभान्वित लोगों का ब्योरा भी सीएम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को मुहैया कराया। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी चुनाव के लिए हर वक्त तैयार है। कार्यकर्ताओं से संवाद का सिलसिला लगातार चल रहा है। पार्टी का प्रमंडलीय सम्मेलन समाप्त हो चुका है। वह स्वयं हर जिले में कार्यकर्ताओंं से संवाद कर फीडबैक लेते हैं। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को भी कार्यकर्ता धरातल पर उतारने में जुटे हैं। दोनों नेताओं के बीच चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आयी कि कई सांसदों के कारण झारखंड में भाजपा की सेहत ठीक नहीं है।

सूचनाएं छनकर आयी हैं कि पांच सीटों कोडरमा, गोड्डा, चतरा, गिरिडीह और हजारीबाग लोकसभा सीट पर काफी मंथन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इन सीटों के सांसदों के कार्यों, जनता से संपर्क सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। यह बात सामने आयी कि इन सीटों पर कहीं न कहीं विपक्ष मजबूत हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा आलाकमान इस सीटों पर प्रत्याशी को बदलने का विचार कर रही है। इसके अलावा रांची के सांसद रामटहल चौधरी, धनबाद के सांसद पीएन सिंह, खूंटी सांसद कड़िया मुंडा पर भी चर्चा हुई। बताया जाता है कि खूंटी के सांसद कड़िया मुंडा की उम्र को देखते हुए पार्टी किसी नये चेहरे को यहां से उतारने का विचार कर रही है।

मिशन 2019 को लेकर भाजपा काफी संजीदा है। राष्ट्रीय स्तर पर देश भर की सभी लोकसभा सीटों पर मंथन का दौर चल रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सभी भाजपा शासित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक कर रहे हैं। सभी सांसदों का फीडबैक ले रहे हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ हुई बैठक में भी मुख्यत: सांसदों के परफॉरमेंस पर चर्चा हुई। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ अपने आवास पर लंबी बैठक की।

जानकारी के अनुसार इस बैठक में भी मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव पर चर्चा की। भाजपा ने मिशन 2019 को लेकर झारखंड की सभी लोकसभा सीटों को जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हुई बैठक की चर्चा की। नेताओं के बीच विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा हुई।

सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा लहरायेगी परचम : प्रतुल शाहदेव
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भाजपा का सांगठनिक कार्य वर्ष भर चलता रहता है। मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बीच क्या बातें हुईं, इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन दावे के साथ कह सकता हूं कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय तैयारी नहीं करती। हमारे कार्यकर्ता सेवा भाव से हमेशा क्षेत्र में काम करते हैं। यही वजह है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। देश के दो तिहाई प्रदेशों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार है। भाजपा विकास की राजनीति करती है और जनता भी विकास की राजनीति को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का वर्तमान सुनहरा है ही, भविष्य और भी ज्यादा सुनहरा होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version