मेदिनीनगर। दुर्गा पूजा के बाद शुक्रवार की शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान मार्ग को लेकर दो समुदायों में हिंसक झड़प हो गयी। विवाद के बाद जिले के चैनपुर थाना के चांदो और सतबरवा थाना के बकोरिया गांव में अभी भी तनाव की स्थिति है। इसमें उक्त दोनों गांवों में कम से कम डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों में चांदो के सत्यनारायण सिंह की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। वहीं, चांदो गांव की ही मगनी कुंवर पोते के शोक में चल बसी। इस दौरान चांदो में बेकाबू हुई भीड़ द्वारा लगभग दस वाहनों समेत चार-पांच घरों में आग लगा दी गयी। सूचना मिलते ही चांदो गांव पहुंचे पलामू के उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि एवं एसपी इंद्रजीत महथा गांव में ही कैंप कर रहे हंै। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। तीन जिलों से पुलिस बल बुलाया गया हैै। एहतियात के तौर पर गांव में धारा-144 लागू कर दी गयी है। जानकारी के अनुसार चांदो गांव में शुक्रवार की शाम हिंदू समुदाय के लोग मूर्ति विसर्जन करने जा रहे थे। जुलूस चांदो बाजार से निकला ही था कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने रास्ते का सवाल उठाते हुए जुलूस को रोक दिया। इसके बाद दोनों समुदायों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो हिंसक हो गया।
अभी पुलिस मौके पर विवाद को सुलझाने का प्रयास कर ही रही थी कि एक समुदाय की ओर से पत्थरबाजी शुरू कर दी गयी। देखते ही देखते जुलूस रण क्षेत्र में बदल गया। दोनों तरफ से पत्थरों के साथ-साथ धारदार हथियार भी चलने लगे। कहा जाता है कि कतिपय लोगों द्वारा फायरिंग भी की गयी। इसके बाद बेकाबू हुई भीड़ ने समुदाय विशेष के चार घर और दुकान के साथ पांच आॅटो, दो मोटरसाइकिल, एक बोलेरो तथा एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी, जो जिधर था उधर भागने लगा। इस घटना में सब इंस्पेक्टर अनिरूद्ध प्रसाद, हवलदार अजीत कुमार सिंह तथा एक जवान समेत कूकू सिंह, शीतल सिंह, लल्लू सिंह, कुंजन सिंह, मंटू सिंह एवं सत्यनारायण सिंह घायल हो गये। सभी घायलों को इलाज के लिए चैनपुर और डालटनगंज अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान घायल सत्यनारायण सिंह की मौत हो गयी। उधर, पोता को घायल देख मगनी कुंवर की भी मौत हृदय गति रूक जाने से हो गयी। घटना की सूचना मिलते बड़ी संख्या में पुलिस बल को गांव में तैनात किया गया। स्थिति अभी भी तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। बकोरिया में भी तनाव के बाद स्थिति शांतिपूर्ण है। डीएसपी प्रेमनाथ के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात है। दोनों समुदायों के साथ बैठक कर मामला शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।

डीसी-एसपी ने की शांति बनाये रखने की अपील
हिंसक झड़प की घटना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पलामू के उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि एवं एसपी इंद्रजीत महथा ने संयुक्त रूप से बताया कि हिंसाग्रस्त चांदो एवं बकोरिया में स्थिति नियंत्रण में है। उक्त दोनों गांव में शांति स्थापित है। बताया कि घटना में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। घटना के बाद चांदो में छह एवं बकोरिया में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार चांदो की घटना में हुई क्षति का आकलन कराया जा रहा है। सरकारी प्रावधान के अनुसार क्षतिपूर्ति की व्यवस्था की जायेगी। बताया गया कि दोनों ही जगह पुलिस ने अपनी देखरेख में मूर्ति का विसर्जन करवा दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version