खूंटी। अड़की थाना की काड़ा घाटी में पंजाब के ट्रेलर चालक जोगा सिंह को वाहन सहित जिंदा जलाने वाला दो नक्सली लक्ष्मण मुंडा और मनय मुंडा उर्फ एतवा मुंडा को पुलिस ने बाड़ीगांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। लक्ष्मण मुंडा किताहातू चौक में गणेश मुंडा की हत्या, सतरंजी में दवा व्यवसायी की हत्या, शौचालय निर्माण में लगे मुंशी की अड़की के हड़ाम सेरेंग मैदान में हत्या सहित कई संगीन मामलों का आरोपी है। मनय मुंडा भी हत्या और आर्म्स एक्ट का आरोपी है।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली लक्ष्मण मुंडा और मनय मुंडा को मोटरसाइकिल से खूंटी से सायको की ओर जाते देखा गया है। सोमवार की शाम खूंटी-सायको मुख्य पथ पर छापामारी की गयी। उसी वक्त एक अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आते दिखे, पर पुलिस को देखते ही वे विपरीत दिशा में भागने लगे। पुलिस के जवानों ने दोनों को खदेड़ कर दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि पकड़े गये दोनों कुख्यात नक्सली हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version