नयी दिल्ली। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों और हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर मतदान खत्म हो गया। शाम छह बजे तक महाराष्ट्र में 55 फीसदी और हरियाणा में 62 फीसदी मतदान हुआ। चुनाव नतीजे 24 अक्टूबर को सामने आयेंगे। नतीजे से पहले एग्जिट पोल नतीजों का दौर शुरू हो गया। तमाम न्यूज चैनल और चुनाव सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल नतीजे में भाजपा को प्रचंड बहुमत का अनुमान जताया है।
एबीपी और सी वोटर के सर्वे के मुताबिक राज्य में भाजपा को 72 सीटें मिल सकती हैं, जबकि 2014 में उसे महज 47 सीटें मिली थीं। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को राज्य में सिर्फ आठ सीटें और इनेलो समेत बाकी दलों को महज 10 सीटें ही मिल सकती हैं।
न्यूज 24 के सर्वे के मुताबिक भाजपा को हरियाणा में 71 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को यहां 11 और अन्य दलों को 8 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टीवी के सर्वे के अनुसार भाजपा को 75, कांग्रेस को 10 और अन्य दलों को आठ सीटें मिलने का अनुमान है। इसी तरह आज तक ने अपने सर्वे में भाजपा को 63, कांग्रेस को 16 और अन्य दलों को 11 सीटें दी हैं। रिपब्लिक चैनल ने अपने चुनावी सर्वे में हरियाणा में भाजपा को 52 से 63, कांग्रेस को 15 से 19 और अन्य दलों को 12 से 19 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। एबीपी और सी वोटर के सर्वे के मुताबिक हरियाणा में भाजपा को 72, कांग्रेस को आठ और अन्य दलों को 10 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
न्यूज 24 के सर्वे के मुताबिक महाराष्ट्र में भाजपा और शिव सेना को 181, कांग्रेस और एनसीपी को 69 और अन्य दलों को 15 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टीवी के सर्वे के अनुसार भाजपा और शिवसेना को महाराष्ट्र में 230, कांग्रेस और एनसीपी को 48 और अन्य दलों को 10 सीटें मिलने का अनुमान है।
इसी तरह आज तक ने सर्वे में भाजपा-शिवसेना को 166-194 तक, कांग्रेस-एनसीपी को 72 से 90 और अन्य दलों को 22 से 34 सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक चैनल ने अपने चुनावी सर्वे में महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को 216-230 सीटें, कांग्रेस-एनसीपी को 44 से 65 तक सीटें और अन्य दलों को आठ से 11 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। एबीपी और सी वोटर के सर्वे के मुताबिक महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को 204, कांग्रेस-एनसीपी को 69 और अन्य दलों को 15 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version