रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य का, अन्याय पर न्याय, हिंसा पर अहिंसा की जीत का त्योहार है। इसी दिन भगवान राम ने रावण का और मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था। आज के समय में हमारे देश में कई आसुरी शक्तियां पनप रही हैं। उनका खात्मा करने का प्रण लेने का दिन है दशहरा। प्रधानमंत्री ने देश में धारा 370 का खात्मा कर इसी प्रकार की एक आसुरी शक्ति का विनाश किया और कश्मीर को वास्तविक रूप से भारत का हिस्सा बनाया। इसी प्रकार आतंकवादियों के खिलाफ कड़े कानून बना कर उनके मनोबल को तोड़ा है। यह सब मजबूत इच्छाशक्ति के कारण संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री बुधवार को मोराहबादी और अरगोड़ा स्थित रावन दहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लास्टिक रूपी असुर का भी हमें खात्मा करना है। हमें प्रण लेना है कि सिंगल यूज प्लास्टिक को हम अपने जीवन से निकाल बाहर करेंगे। यह हमारी आनेवाली पीढ़ी के लिए बहुत जरूरी है। इस मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद संजय सेठ, विधायक नवीन जयसवाल, रांची के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पंजाबी हिंदू बिरादरी और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन कमेटी के लोग उपस्थित थे।
सिंगल यूज प्लास्टिक को त्यागने की अपील
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपील करते हुए कहा कि झारखंडवासी सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करें। हमें झारखंड को देश का ऐसा पहला राज्य बनाना है, जो सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होगा। आप सभी को बताते हुए हर्ष हो रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देश को राफेल समर्पित कर रहे हैं।
बारिश की फुहार के बीच रावण दहन
बारिश की फुहार के बीच मोरहाबादी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 65 फीट के बुराई के रावण को जलाया। वहीं नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने मेघनाद और सांसद संजय सेठ ने कुंभकर्ण का पुतला जलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं भी दी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version