रांची। पूर्व मुख्यमंत्री एवं झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन-समारोह में कांग्रेस, झामुमो एवं नौजवान संघर्ष मोर्चा के वर्तमान विधायक सुखदेव भगत, मनोज यादव, जयप्रकाश भाई पटेल, कुणाल षाडंगी, प्रकाश राम एवं भानू प्रताप शाही ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, झारखंड के सह-प्रभारी नंद किशोर यादव एवं वरिष्ठ नेता जयंत सिन्हा भी उपस्थित थे। मरांडी ने कहा कि नैतिकता का तकाजा बनता था कि ये पांचों विधायक स्वत: विधानसभा की सदस्यता से त्याग-पत्र देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते तो लोकतंत्र की कुछ मर्यादा बची रहती।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के पांच दिन बीत जाने के बावजूद इन विधायकों ने इस्तीफा नहीं दिया है। जो गिरते लोकतांत्रिक मूल्यों को दर्शाता है। उपर्युक्त वर्णित पांच विधायकों का भाजपा में सदस्यता ग्रहण करना दल-बदल निरर्हता संबंधित 10वीं अनुसूची के अंतर्गत आता है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से स्वत: संज्ञान लेते हुए मांग की है कि पांचों विधायकों की सदस्यता को रद्द कर लोकतांत्रिक मूल्यों की शुुचिता बरकरार रखनी चाहिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version