जमशेदपुर/रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि भाजपा बहुत जल्द एक और बड़ा मिलन समारोह आयोजित करेगी। इसमें विभिन्न दलों के कई नेता भाजपा में शामिल होंगे। सीएम ने मंगलवार को जमशेदपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि ये लोग डबल इंजन की सरकार के कामकाज को देख कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के अगले चुनाव में जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। उन्होंने कहा कि रघुवर का मतलब राम होता है और दास का मतलब हनुमान होता है। सीएम ने खुद को हनुमान बताते हुए कहा कि वह रघुवर रूपी जनता के दास हैं और अपने रघुवर से आशीर्वाद मांग रहे हैं। इस बार रघुवर जरूर अपने दास को आशीर्वाद देंगे। उन्होंने कहा कि पौने पांच साल के उनके कार्यकाल में झारखंड का बहुत विकास हुआ। कई ऐसे काम हुए, जिन पर 14 साल से केवल विचार ही चल रहा था।
सीएम ने साफ किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और विधानसभा का चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगा। जदयू द्वारा अलग रास्ता अख्तियार करने के बारे में उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है।
विधायक शिवपूजन ने की सीएम से भेंट
इस बीच हुसैनाबाद के विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने सीएम रघुवर दास से मुलाकात की है। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। इसके बाद से कयास लगाये जाने लगे हैं कि मेहता जल्दी ही भाजपा में शामिल होंगे। उन्हें बसपा ने निष्कासित किया हुआ है। मेहता करीब डेढ़ घंटे तक जमशेदपुर में थे। वह दिवाली की शाम करीब सात बजे सीएम से मिलने उनके एग्रिको स्थित आवास पर पहुंंचे। उस समय सीएम परिवार के साथ पूजा में व्यस्त थे। अंतत: करीब आठ बजे सीएम ने मेहता को बुलाया और फिर दोनों नेताओं ने बंद कमरे में बात की। मुलाकात के बाद बाहर निकलने पर मेहता ने मीडिया से कहा कि यह अनौपचारिक मुलाकात की। वह सीएम को दिवाली की बधाई देने आये थे।
कुछ और विधायकों के भाजपा में जाने की चर्चा
इधर राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा है कि झामुमो के कम से कम तीन और विधायक भाजपा में शामिल होनेवाले हैं। इनके अलावा पूर्व आइपीएस रेजी डुंगडुंग भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। बता दें कि पिछले सप्ताह झामुमो और कांग्रेस के चार विधायक भाजपा में शामिल हो गये थे। इसके अलावा नौसंमो के भानु प्रताप शाही ने भी भगवा चोला ओढ़ लिया था। अब जिन तीन विधायकों के भाजपा में जाने की चर्चा है, उनमें चंपई सोरेन, दशरथ गगराई और शशिभूषण सामड के नाम शामिल हैं। बताया जाता है कि इन्हें पार्टी मेें लाकर भाजपा कोल्हान में झामुमो की ताकत को रोकना चाहती है।
भाजपा ने 65 प्लस का लक्ष्य हासिल करने के लिए उन 30 सीटों पर ध्यान केंद्रित किया है, जहां पिछले चुनाव में वह दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें से अधिकांश सीटें संथाल और कोल्हान में हैं। सीएम रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा ने इन दोनों प्रमंडलों में पूरी ताकत झोंक रखी है। झामुमो और कांग्रेस के चार विधायकों को अपने पाले में करने के बाद उसने कोल्हान पर ध्यान लगाया है, क्योंकि संथाल में भाजपा की राह बहुत मुश्किल नहीं दिख रही है।