देवघर। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संथाल परगना से प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। इस सिलसिले में शुक्रवार को देवघर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि चुनाव में पार्टी 35 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। संथाल परगना की 18 सीटों में से 6 सीटों पर कांग्रेस का दावा है, जिसमें देवघर भी शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बात चल रही है। एक सप्ताह के अंदर इसे अंतिम स्वरूप दे दिया जायेगा।
सीट बंटवारे के बाद तय होगा नेता का नाम
नेतृत्व के सवाल पर रामेश्वर उरांव ने कहा कि चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जायेगा, यह सीटों के बंटवारे के बाद तय हो जायेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री संथाल और कोल्हान में पसीना बहा रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता सही और सटीक जवाब देगी। सभी वर्ग के लोग भाजपा सरकार से असंतुष्ट है। इसलिए सत्ता परिवर्तन तय है। इस मौके पर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू, प्रदीप बालमुचू सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे।
प्रमंडल यात्रा की तैयारी को लेकर संथाल पहुंचे हैं कांग्रेस नेता
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, सांसद धीरज प्रसाद साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर शुक्रवार को पांच दिवसीय संथाल परगना दौरे पर पहुंचे हैं। रांची से देवघर जाने के दौरान गिरिडीह में प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने पत्रकारों से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक सप्ताह के भीतर गठबंधन की घोषणा हो सकती है। हम मिल कर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। आलाकामन द्वारा बहुत ही जल्द सीट बांटवारे की घोषणा की जायेगी। कांग्रेस के जो कर्मठ एवं जमीनी कार्यकर्ता है, उनको मान-सम्मान देना एवं सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। जिन लोगों ने कांग्रेस के लिए अपना खून-पसीना बहाकर मजबूत बनाया है, वैसे कार्यकर्ता को आसन्न विधानसभा में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। कांग्रेसी नेता 12 अक्टूबर को पाकुड़, 13 को साहेबगंज, 14 को गोड्डा एवं 15 को देवघर, धनबाद होते हुए रांची वापस लौटेगे। ये सभी प्रमंडल यात्रा और प्रस्तावित रैलियों को सफल बनाने के लिए इस दौरे पर निकले हैं।
Previous Articleकांग्रेस में छटपटा रहे हैं सुबोधकांत सहाय
Next Article झामुमो आदिवासियों का शोषक
Related Posts
Add A Comment