रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज के आइटी युग में तकनीक के इस्तेमाल से हम रोजमर्रा के काम आसानी से कर सकते हैं। आम लोग आसानी से छोटे-मोटे काम निबटा सकते हैं। इस कड़ी में कर्ता ऐप की शुरुआत एक सराहनीय कदम है। इस ऐप के माध्यम से लोग प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, हाउस कीपिंग सर्विस, ड्राइवर, गार्ड, नर्सिंग आदि की सेवाएं घर बैठे पा सकेंगे। इससे न केवल आम लोगों को सुविधा होगी, बल्कि इस सेवा से जुड़े लोगों को भी आसानी से काम के लिए एक प्लेटफॉर्म मिल जायेगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में कर्ता परियोजना की शुरुआत के मौके पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोग इसे अपने मोबाइल पर डाउनलोड करें और सेवा का लाभ लें। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि इससे जुड़े सभी सेवा प्रदाताओं की पूरी जांच कर इसमें शामिल करें। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सेवा प्रदाताओं से बातचीत कर उनकी जरूरतों और सुझावों को भी जाना।
इसी माह परियोजना से जुड़े मजदूरों का भी निबंधन करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सेवा प्रदाताओं को प्रधानमंत्री श्रमशक्ति अभियान के तहत श्रम विभाग से पंजीकृत करायें, ताकि सभी श्रमिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। इसमें दुर्घटना में मृत्यु के दौरान दो लाख की तत्काल सहायता, बच्चों की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति, सेफ्टी किट आदि मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह तक राज्य में चल रही विभिन्न परियोजना से जुड़े मजदूरों का भी भवन सन्निर्माण बोर्ड से निबंधन पूरा करा लें।
सरकार बेहतर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध: सीपी
नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना से लोग घर बैठे सुविधा पा सकेंगे। इससे जुड़ी परेशानी के निदान के लिए एक कॉल सेंटर भी शुरू किया जा रहा है। मुख्य सचिव डीके तिवारी ने इस ऐप को अधिक से अधिक यूजर फ्रेंडली बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने कर्ता एप के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा चलाये जा रहे वन सिटी-वन इंपैक्ट कार्यक्रम के तहत रांची में इसकी शुरुआत की
गयी है।
गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है: सीइओ
स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इस एप के तहत बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्र के कुशल और अर्द्ध कुशल सेवा प्रदाताओं को सूचीबद्ध किया है। इसे आसानी से गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। जल्द ही इसे आइओएस पर भी उपलब्ध कराया जायेगा।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

