रांची। दुमका उपचुनाव में झामुमो के अधिकृत उम्मीदवार पार्टी के युवा मोर्चा के अध्यक्ष बसंत सोरेन होंगे। दुमका में पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनता की इच्छा थी कि यह सीट गुरुजी के पास सुरक्षित रहे। कार्यकर्ताओं और जनता की इच्छा के अनुरूप इस सीट पर बसंत सोरेन उम्मीदवार होंगे। गुरुवार को झामुमो के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में ये बातें पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहीं।
उन्होंने कहा कि बसंत सोरेन 12 अक्टूबर को पार्टी उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। उनके चुनाव प्रचार में झामुमो के नेताओं के साथ महागठबंधन के नेता भी प्रचार करेंगे। बेरमो में भी कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार की घोषणा जल्द की जायेगी, इसकी आशा करते हैं। दोनों सीटों पर एक साथ मिल कर हम चुनाव लड़ेंगे और बड़े अंतराल से चुनाव जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि दुमका गुरुजी की कर्मभूमि रही है। दुमका से ही उन्होंने महाजनी प्रथा और नशाखोरी के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था। यह शोषण के खिलाफ उनके संघर्ष का ही परिणाम था कि संथाल परगना की जनता ने सिर्फ उन्हें ही नहीं अपनाया, बल्कि झामुमो को भी अपना लिया।
योगी सरकार में वहां की बेटियां असुरक्षित
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि बीते तीन वर्षों में जबसे यूपी में योगी सरकार बनी है, तबसे वहां बेटियां असुरक्षित हो गयी हैं। एनसीआरबी का डाटा बताता है कि यूपी में हर दो घंटे में बलात्कार की एक घटना होती है। बीते तीन सालों में वहां 12000 से अधिक बलात्कार की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं लगभग 1400 बच्चियों की या तो हत्या कर दी गयी या उन्हें जिंदा जला दिया गया। यूपी के हाथरस की घटना तो पूरी मानवता के लिए कलंक है। हाथरस की घटना में मृतक लड़की की लाश उसके परिजनों को न सौंप कर डीएम और एसपी की ओर रात में चिता जलायी जाती है। भाजपा वाले कौन से हिंदू धर्म की बात करते हैं। वह दलित परिवार की बेटी थी, इसलिए उसकी लाश परिवारवालों को नहीं सौंपी गयी। इसलिए अब से भाजपा का नया नामकरण हमने बेटी जलाओ पार्टी किया है।
दुख की बात तो यह है कि अब तक 69 दफा मन की बात करनेवाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटियों की सुरक्षा पर एक बार भी मन की बात नहीं की। उन्हें बताना चाहिए कि बेटियों की सुरक्षा पर वे मन की बात कब करेंगे। उन्होंने हाथरस की घटना पर एक ट्वीट तक नहीं किया। इस घटना के प्रतिकार स्वरूप झामुमो महिला मोर्चा के कार्यकर्ता दो अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर एक दिन का उपवास रखेंगे। भाजपा के लोगों ने यूपी से लेकर बिहार तक तांडव मचा कर रखा है। बिहार में सिर्फ बेटियों का बलात्कार ही नहीं किया गया, बल्कि उन्हें जमींदोज भी कर दिया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version