पटना। एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर पहले दिल्ली में और फिर गुरुवार को पटना में मंथन का दौर चला। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव पटना में हैं। गुरुवार की सुबह पटना बीजेपी की हाई लेवल बैठक के बाद दूसरी बैठक भी हुई। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस और भूपेंद्र यादव जदयू अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले। इस मुलाकात के दौरान एनडीए की अहम बैठक हुई, जिसमें सीट शेयरिंग पर मंथन किया गया। उधर, दिल्ली में अमित शाह ने लोजपा के अध्यक्ष चिराग पासवान से बात कर एलजेपी के साथ फंसे पेंच को सुलझाने की कोशिश की। बातचीत को देखते हुए सीटों के बंटवारे की घोषणा शुक्रवार तक टाल दी गयी है।
सीएम आवास पर एनडीए की अहम बैठक
इस बीच सीट शेयरिंग को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने बीजेपी के शीर्ष नेता पहुंचे। मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू और बीजेपी नेताओं की बैठक हुई। इसमें में बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव, बिहार बीजेपी चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडनवीस, बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय जयसवाल, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और बीजेपी के संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ शामिल रहे। जेडीयू की ओर से विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी और सांसद ललन सिंह बैठक में मौजूद रहे। इस अहम बैठक में जदयू से सीटों के बंटवारे पर अंतिम दौर की बातचीत हुई। बताया जाता है कि जेडीयू कई ऐसी सीटों पर दावा कर रहा है, जहां बीजेपी के विधायक हैं। ऐसी करीब एक दर्जन सीटें हैं।
देर शाम हुई बीजेपी चुनाव एवं कोर कमेटियों की बैठक
पार्टी कार्यालय में बीजेपी चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। उसके बाद कोर कमेटी की बैठक हुई। चुनाव संचालन समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर विचार किया गया। इन्हीं चयनित नामों पर संसदीय बोर्ड अंतिम मुहर लगा सकता है।
भाजपा की बैठकों का दौर जारी
इसके पहले देवेंद्र फडणवीस और भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को पटना में बीजेपी की हाई लेवल बैठक की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जयसवाल और संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ सहित तमाम बड़े नेता शामिल रहे। इसमें सीटों के बंटवारे को लेकर अन्य कई मुद्दों पर बीजेपी ने अंतिम दौर का मंथन किया। बैठक में खासकर उन सीटों को लेकर चर्चा हुई, जिन पर जेडीयू का भी दावा है। इसके बाद बीजेपी की दूसरी बैठक हुई। बताया जा रहा है कि इसमें अभी तक की सहमति वाली सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की गयी। हालांकि, बैठकों के संबंध में बड़े नेता कुछ भी नहीं बता रहे हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जयसवाल कहते हैं कि कोई फैसला होते ही वे जानकारी देंगे।
अमित शाह ने दिल्ली में संभाला मोर्चा
इस बीच दिल्ली में लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान को समझाने की मुहिम में अमित शाह खुद लग गये हैं। बातचीत जारी है। अब सीट बंटवारे के पहले चिराग के स्टैंड का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक चिराग पासवान के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। लोजपा को एनडीए में विधानसभा की 36 तथा विधान परिषद की और दो सीटें दी जा रहीं हैं। इसके अलावा एक राज्यसभा सीट भी देने की पेशकश की गयी है। अमित शाह से बातचीत में कुछ और नये प्रस्ताव भी दिये जाने की बात कही जा रही है। लेकिन, चिराग पासवान 42 सीटों से कम पर राजी नहीं हैं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे 143 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने जेडीयू के खिलाफ प्रत्याशी उतारने की भी बात कही है।
चिराग पर टिका पूरा मामला
बहरहाल, दिल्ली की बैठक के बाद अब नजरें पटना में हो रही बैठकों पर लग गयी हैं। अगर चिराग अपना स्टैंड साफ कर देते हैं, तो गठबंधन की तस्वीर साफ हो जायेगी। इसके बाद कभी भी एनडीए में सीटों के बंटवारे की घोषणा की जा सकती हे। वैसे, भूपेंद्र यादव की मानें तो इसमें शुक्रवार तक का वक्त लग सकता है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



