रांची। भाजपा और आजसू पुराने साथी हैं। अलग झारखंड राज्य की लड़ाई दोनों ने मिलकर लड़ी है। इस बार भी राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ भाजपा और आजसू साझा लड़ाई लड़ेंगे। शुक्रवार को आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो से उनके आवास पर मुलाकात के बाद ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहीं। मुलाकात के दौरान उनके साथ पार्टी के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी थे। दोनों नेताओं ने सुदेश महतो से उपचुनाव और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की। श्री प्रकाश ने कहा कि राज्य को सजाने और संवारने की जिम्मेवारी भी हमारी है।
प्रदेश की जनता उम्मीद भरी नजरों से हमारी ओर देख रही है। हेमंत सरकार जनविरोधी सरकार है। राज्य में विकास के काम ठप पड़े हैं। नौ महीने की सरकार विकास के मामले में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पायी है। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और ब्यूरोक्रेसी हावी होती जा रही है। राज्य में जन विरोधी निर्णय लिये जा रहे हैं। भाजपा और आजसू इस जन विरोधी सरकार के खिलाफ मिलकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि आजसू प्रमुख ने दोनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवार के समर्थन का निर्णय लिया है। जनता के समर्थन से दोनों सीटों पर हमें जीत मिलेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version