रांची। भाजपा ने सुखदेव भगत को पार्टी से निकाल दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गयी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के निर्देश के बाद शुक्रवार को इस बाबत सूचना सार्वजनिक की गयी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने बताया कि पार्टी ने उनके निष्कासन के संबंध में गुरुवार को पत्र जारी कर दिया था। श्री भगत विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने भाजपा के टिकट पर लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, पर उन्हें कांग्रेस के डॉ रामेश्वर उरांव से 30 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित होना पड़ा था। इधर भाजपा से निष्कासित होने के बाद सुखदेव भगत ने पार्टी को धन्यवाद दिया है। कांग्रेस में शामिल होने की बाबत उन्होंने कहा कि अभी इस संबंध में कुछ तय नहीं किया है।
कांग्रेस में वापसी के लिए कर चुके हैं आवेदन
गौरतलब है कि सुखदेव भगत और प्रदीप बलमुचू ने कांग्रेस में शामिल होने के लिए आवेदन कर दिया है। पार्टी आलाकमान इनकी वापसी पर मुहर लगा सकता है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह के जरिये इनकी वापसी का प्रस्ताव लाया गया है। कहा गया है कि ये भटक कर दूसरी जगह गये थे। इनकी वापसी होने से झारखंड में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version