बेरमो। बेरमो विधानसभा उप चुनाव को लेकर भी कांग्रेस ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता क्षेत्र की मतदाताओं से रूबरू होते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील की। वहीं मोदी सरकार की गलत नीतियों से लोगों को हो रहे नुकसान के बारे में बताया और राजेंद्र सिंह के कार्यों को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि लोगों का रुझान कांग्रेस पार्टी के पक्ष में स्पष्ट दिख रहा है। राजेंद्र बाबू के विकास कार्य को जनता ने देखा है और कांग्रेस प्रत्याशी अनुप सिंह इसे आगे बढ़ायेंगे।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की सरकार कोरोना महामारी से लड़ने में कामयाब हो रही है। अब लोग भी हेमंत सरकार के साथ इस आपदा को अपने राज्य से बाहर निकालने में मदद करने लगे हैं, जो अच्छी बात है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को झारखंड वापस लाने में हेमंत सरकार ने देरी नहीं की और राज्य से बाहर रहने वाले सभी झारखंड के लोगों को वापस घर बुलाया, जबकि केंद्र की मोदी सरकार की ओर से इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण व्यापारी वर्ग के लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। जीएसटी से सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को लाभ मिला है। मंझोले उद्योगपति और छोटे व्यवसायियों के लिए केंद्र की यह नीति आफत बन कर सामने आयी है। महंगाई दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। अब तो दाल-रोटी खाने में भी परेशानी हो रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version