रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हरमू स्थित आवास और सिमलिया के फार्म हाउस की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। आइपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे धोनी के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी पांच साल की बेटी जीवा को लेकर अभद्र धमकी दी गयी है। इस पर झारखंड समेत पूरी दुनिया में माही के प्रशंसक बुरी तरह भड़क गये हैं। उन्होंने धमकी देनेवालों की लानत-मलानत की है और कड़े शब्दों में निंदा की है। इधर धमकी के बाद रांची पुलिस अलर्ट हो गयी। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने सिमलिया इलाके में गश्त तेज करने का निर्देश दिया। पुलिस की एक टीम ने शनिवार को धोनी के फार्म हाउस की सुरक्षा का जायजा भी लिया। इसके अलावा धोनी के घर के बाहर स्टैटिक फोर्स की प्रतिनियुक्ति की गयी है।