पटना। कभी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और अब लोकतांत्रिक जनता दल के कर्ताधर्ता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव और लोक जनशक्ति पार्टी के महासचिव काली प्रसाद पांडेय बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनकी ज्वाइनिंग हुई। सुभाषिनी बिहार के मधेपुरा जिले की बिहारीगंज सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार हो सकती हैं, जबकि पांडेय पहले ही बिहार के कुचायकोट निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। बिहार कांग्रेस के प्रमुख मदन मोहन झा ने दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में दोनों के शामिल होने की वजह से महागठबंधन राज्य में और मजबूत होगा। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सुभाषिनी राव ने कहा कि उनके पिता अपनी बीमारी के कारण बिहार में चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं ले पाये हैं। उनके पिता शरद यादव मधेपुरा से सांसद रह चुके हैं। शरद यादव की तबीयत पिछले दिनों खराब थी। वह हाल ही में एम्स से डिस्चार्ज होकर घर लौटे हैं। शरद जब एम्स में भर्ती थे, तो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई बार फोन कर उनका हालचाल लिया। इसके बाद अटकलें लगने लगी थीं कि शरद जदयू में लौट सकते हैं। दरअसल शरद और नीतीश लंबे समय तक साथ काम कर चुके हैं, लेकिन कई मुद्दों को लेकर दोनों के बीच मतभेद बढ़ते चले गये और उनकी राहें जुदा हो गयीं।
शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव कांग्रेस में शामिल
Previous Articleलुइस मरांडी के लिए कांटे ही कांटे हैं दुमका में
Next Article 13 जिलों में नियुक्त शिक्षकों को बड़ी राहत
Related Posts
Add A Comment