रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में आनेवाले उद्योगों और कंपनियों को राज्य सरकार की ओर से पूरी मदद दिये जाने की घोषणा की है। तमिलनाडु से मुक्त करायी गयीं 22 लड़कियों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में खनन के अलावा अन्य क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष जोर है। इसके लिए अलग-अलग माध्यमों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार देने के लिए चरणबद्ध तरीके से सरकार आगे बढ़ रही है। इन लड़कियों को टेक्सटाइल्स उद्योग से जुड़े मेसर्स किशोर एक्सोर्ट्स, कुल्ही इंडस्ट्रियल एरिया, ओरमांझी में नौकरी दी गयी है।
सीएम ने कहा कि झारखंड में भी कपड़ा उद्योग में व्यापक संभावनाएं हैं। आनेवाले कुछ दिनों में इस सेक्टर में लगभग आठ हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के युवक-युवतियों को अपने ही राज्य में रोजगार देने की इच्छुक कंपनियों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जायेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री को अरविंद ग्रुप आॅफ कंपनीज की ओर से एक लाख एन-95 मास्क उपलब्ध कराने के सिलसिले में लेटर आॅफ इंटेंट भी सौंपा गया। कार्यक्रम में एसोशिएशन आॅफ एपैरल्स एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
अरविंद मिल्स देगी एक लाख एन-95 मास्क
कार्यक्रम में अरविंद ग्रुप आॅफ कंपनीज ने एक लाख एन-95 मास्क उपलब्ध कराने को लेकर मुख्यमंत्री को लेटर आॅफ इंटेंट सौंपा। मुख्यमंत्री ने कंपनी का आभार जताते हुए कहा कि कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई में आपका यह सहयोग सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से कोरोना को मात देने में हम कामयाब होंगे।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, उद्योग विभाग की सचिव पूजा सिंघल और किशोर एक्सपोर्ट्स के प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल और अरविंद ग्रुप आॅफ कंपनीज के हेड, कॉरपोरेट अफेयर्स अंकुर त्रिवेदी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
इन लड़कियों को मिला है नियुक्ति पत्र
जिन लड़कियों को नियोजित किया गया है, उनमें चतरा की अनिमा एक्का, गुमला की बहलीन केरकेट्टा, हजारीबाग की सुमित्रा टोप्पो, लातेहार की मुनिता कुमारी, संगीता कुमारी, मनमति कुमारी, संगीता कुमारी, बालमणि कुमारी, सुनीता कुमारी, फुलवंती कुमारी, शोभा कुमारी, संगीता कुमारी और रबनीता कुमारी, पलामू की नीपू कुमारी एवं सुमन कुमारी और रांची की उमा कुमारी, नागी कुमारी, सीमा कुमारी, प्रमिला कुमारी, नेहा मुंडा, रानी कुमारी और सुनीता जरिया शामिल हैं।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

