आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को भाजपा ने प्रदेश कार्यालय में भारतरत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण तथा नाना जी देशमुख की जयंती मनायी। इस मौके पर सभागार में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि जयप्रकाश नारायण एक मात्र ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने आजादी की लड़ाई के साथ-साथ दूसरी आजादी की लड़ाई भी लड़ी थी। प्रकाश ने कहा कि आज दो-दो महापुरुषों की जयंती हम मना रहे हैं। आज भी देश में जयप्रकाश नारायण के जीवन मूल्यों की प्रासंगिकता है। उन्होंने कहा कि जेपी ने हमेशा नेशन फर्स्ट के सिद्धांत को महत्व दिया। जब देश गुलाम था, तो उन्होंने सशक्त आंदोलन के माध्यम से देश को आजादी दिलाने का सपना देखा। विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में अपने लेख के माध्यम से जागरूकता लाने की कोशिश की। फिर बाद में महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। कहा कि जेपी का झारखंड से भी गहरा संबंध रहा था। वे 1942 में हजारीबाग जेल में भी रहे थे। प्रकाश ने कहा कि निराश मन से कभी भी कोई बड़ा काम नहीं होता है। अगर जय प्रकाश नारायण निराश हो जाते तो कभी भी भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े आंदोलन को खड़ा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि जय प्रकाश नारायण भूदान आंदोलन से भी जुड़े और उनके नेतृत्व में ही झारखंड में सबसे ज्यादा भूमि दान में दी गयी थी। जेपी ने चंबल के डकैतों को आत्मसमर्पण कराया और उन्हें मुख्यधारा में लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया था। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जयप्रकाश नारायण का जो सपना था, आज उसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। आज मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है। भ्रष्टाचारी आज जेल में डाले जा रहे हैं। जेपी का सपना था शैक्षणिक ढांचे में बदलाव करने का, आज उसे मोदी सरकार नयी शिक्षा नीति में बदलाव कर उसे पूरा कर रहे हैं।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि जब महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जेल चले गये थे, उस समय आजादी की लड़ाई की जिम्मेदारी जयप्रकाश नारायण ने अपने कंधे पर उठायी थी। कर्मवीर सिंह ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने जब अंग्रेजों को राजस्व दिये जाने का विरोध किया तो उन्हें अंग्रेजों ने पकड़ कर जेल भेज दिया था और वह नौ महीने तक जेल में रहे। जब वह जेल से बाहर आय, तो महात्मा गांधी और सुभाषचंद्र बोस के बीच के मनमुटाव को समाप्त करवाया था। कर्मवीर सिंह ने आह्वान किया कि आज जरूरत है कि समाज का हर वर्ग जयप्रकाश की जीवनी को पढ़े और उनके सिद्धांत को अपने जीवन में आत्मसात करे। कार्यक्रम को रांची के विधायक सीपी सिंह, सूर्यमणि सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, महामंत्री बालमुकुंद सहाय, प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, सूर्यमणि सिंह, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा, अवनीश सिंह, सरोज सिंह, अमित सिंह, मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप, कमाल खान, आरती सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, किसलय तिवारी, अमरदीप यादव, शिवशंकर उरांव, लक्ष्मीकांत दीक्षित, राजश्री जयंती, उषा पांडेय, अरविंद सिंह, संजय सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित हुए। मंच संचालन प्रेम मित्तल तथा धन्यवाद ज्ञापन जेपी आंदोलन के आंदोलनकारी नेता प्रमोद मिश्रा ने किया।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



