लोहरदगा। सनकी पिता ने पत्नी के अवैध संबंध के शक में अपने पूरे परिवार को खत्म करने की कोशिश की, जिसमें पत्नी, पिता के साथ-साथ उसके पांच बच्चे शामिल थे। पत्नी और पिता को चाकू लेकर मारना चाहा, तो दोनों घर छोड़ कर भाग निकले। पत्नी अपने साथ एक बच्चे को ले गयी, जबकि चार बच्चे घर पर मौजूद थे। चारों बच्चों पर पिता ने केरोसिन छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की। इसमें दो बच्चे 12 वर्षीय बड़ा बेटा कान तुरी और 10 वर्षीय खुशबू कुमारी किरासन तेल डालते ही भाग गये। दो बच्चियां भाग नहीं सकीं, तो पिता ने आठ वर्षीय खुशी कुमारी और चार वर्षीय सोमारी को जला दिया। इस घटना में सबसे छोटी बेटी 80 प्रतिशत जल गयी, जबकि खुशी भी कई जगहों से जल गयी है।

80 प्रतिशत से ज्यादा जल चुकी है छोटी बेटी
घटना लोहरदगा जिले के किस्को थाना क्षेत्र की है। बरनाग गांव में एक पिता ने नशे की हालत में अपने पूरे परिवार को खत्म करने की कोशिश की। उसे शक था कि पत्नी का कहीं और अवैध संबंध है। शराबी पिता ने सो रहे अपनी चार बेटी और एक बेटे को जिंदा जलाने की कोशिश की। इसमें आठ साल की खुशी कुमारी और सात साल की सोमारी को नुकसान पहुंचा है। सात साल की बच्ची 80 प्रतिशत जल चुकी है। उसे गंभीर स्थिति में रिम्स रेफर कर दिया गया है। बच्चों को आग लगाने से पहले पप्पू तुरी शराब पीकर पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू लेकर मारने दौड़ा। मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे पिता की वह हत्या करना चाहता था। दोनों ने भाग कर जान बचायी।

आसपास के लोगों ने बच्ची की बचायी जान
घटना के दौरान बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुन कर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और घायल बच्ची को लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से मरहम पट्टी करते हुए स्थिति गंभीर होने पर रांची रिम्स भेज दिया गया। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची पूरी तरह से झुलस गयी है। बच्ची के शरीर में इंजेक्शन तक लगाने की जगह नहीं है। घटना के बाद पप्पू तूरी फरार है।

पुलिस ने कहा, आरोपी पिता की तलाश जारी
घटना के संदर्भ में गांव की महिलाओं ने बताया कि शराबी पप्पू तुरी अकसर शराब पीकर पत्नी को दूसरे से चक्कर चलने का आरोप लगा कर मारपीट करता था और कोई काम भी नही करता था। केवल शराब पीकर घूमता रहता था। मामले पर किस्को थाना के थाना प्रभारी सनी कुमार और एएसआइ अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की तहकीकात की। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version