बोकारो। झारखंड में मॉब लिंचिंग का एक और मामला सामने आया है। बोकारो के महुआटाड़ थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट- पीट कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अवैध संबध के कारण इमरान अंसारी ( 35 साल ) की हत्या कर दी गई है। युवक की पिटाई की सूचना पर पुलिस पहुंची और उसके अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पूरे मामले की जांच कर रही है।
मामला महुआटांड़ थाना क्षेत्र के धवेया गांव का है, दूसरे धर्म की महिला से इमरान के अवैध संबंध थे। वारदात के बाद मृतक के बेटे और भाई के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में भी लिया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। पुलिस-प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया है। पूरे इलाके में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रशासन ने की मॉब लिचिंग की पुष्टि
बेरमो एसडीओ सतीश चंद्र झा ने कहा, यह मॉब लिंचिंग ही है, लोगों ने उसे पीट कर मार डाला है। अब तक जो पुलिस की जानकारी में सामने आई है उसमें पता चला है कि यह अवैध संबंध से जुड़ा मामला है। ग्रामीणों को इस अवैध संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद भीड़ ने उसकी हत्या कर दी है। मूर्ति विसर्जन में जा रहे लोगों ने भी युवक की पिटाई की है।
सुरक्षा के लिहाज से इलाके में धारा 144 लागू कर दिया गया है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मामले में जांच के लिए पहुंच रहे हैं। क्या यह दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन से जुडा़ मामला भी है, इस सवाल पर पुलिस पदाधिकारी ने कहा, प्रतिमा विसर्जन में शामिल कुछ लोग इस घटना में शामिल हुए थे। प्रतिमा विसर्जन से कुछ दूरी पर ही यह पूरा मामला चल रहा था।
दूसरे समुदाय की महिला से था अवैध संबंध
बताया जाता है कि दोनों समुदाय के लोगों ने देर रात बैठक की थी। इसी बैठक में इमरान के साथ मारपीट की गई। उसके दूसरी समुदाय की महिला के साथ अवैध संबंध थे जिसकी जानकारी गांव वालों को मिल गयी थी। इमरान गांव में काफी फेमस था, वह पाचं बार वार्ड सदस्य रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इलाके में धारा 144 लागू
पुलिस सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंची घायल इमरान अंसारी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है देर रात दो बजे उसकी मौत की खबर मिली। इस घटना से धवेया गांव में तनाव का माहौल है। बेरमो अनुमंडल पुलिस धवेया में धारा 144 लगा दी गई है। महुआटांड़ पुलिस धवेया मे दो समुदायों की बीच तनाव को देखते हुए लगभग 300 पुलिस बल तैनात किया गया है।