मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू पुलिस के एक जवान पर राजधानी रांची की विधवा महिला ने गंभीर आरोप लगाया है। विधवा महिला जवान पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का दावा कर रही है। आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार महिला थाना से लगा रही है। मेदिनीनगर महिला थाना में पीड़िता ने जवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धनगांव निवासी संतोष कुमार पासवान पलामू पुलिस में है। पीड़िता ने थाना को बताया है कि उसकी मुलाकात जवान से लंबे समय पहले हुई थी। पहले दोस्ती हुई और रिश्ता प्यार में बदल गया। जवान ने विधवा महिला को शादी का झांसा दिया। उसने महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाये।
30 वर्षीय पीड़िता विधवा ने बताया कि जवान ने उसे नेहरहाट और चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में भी रखा था। आरोप है कि महिला गर्भवती हो गयी थी। बाद में उसने महिला का गभार्पात भी करा दिया। महिला ने जब उस पर शादी का दबाव बनाया तो उसने किनारा कर लिया। इसी बीच जवान ने दूसरी महिला से शादी कर ली है। इससे आहत होने के बाद पीड़िता पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है।
मामले की पड़ताल के बाद, आरोपित पर होगी कार्रवाई
महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज ने बताया कि रांची की विधवा पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पूरे मामले की पड़ताल की जायेगी। जांचोपरांत आरोपित के खिलाफ नियम संगत कार्रवाई होगी।