आजाद सिपाही संवाददाता
बेतिया। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) ने बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला किया है। प्रशांत किशोर ने कहा है कि बिहार में कोई और नौवीं पास होता, तो चपरासी की नौकरी भी नहीं मिलती। तेजस्वी यादव को बिहार का डिप्टी सीएम बना दिया गया है। इसकी एकमात्र वजह यह है कि तेजस्वी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं।

स्थानीय लोगों से बातचीत में तेजस्वी पर कसा तंज:
पीके इन दिनों बिहार में जन सुराज पदयात्रा पर हैं। यात्रा के क्रम में लोगों से पीके ने बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम पर तंज कसा। पीके ने स्थानीय भाषा में लोगों से कहा, ‘लालू जी का लड़का नौवां पास बा और उ बनत उपमुख्यमंत्री। रउर का लड़का नौंवा पास रही, त ओकरा चपरासियो का नौकरी मिली? बताउ त जरा। मिली के चाही न, लेकिन न मिली। लेकिन जेकर बाबूजी विधायक बारन, जेकर बाबूजी मंत्री-मुख्यमंत्री बारन उका लड़का नौवीं फेल रही त नौकरी मिल जाय। उ राजा बन कर रही। इ बदले के चाही न?’

पीके कीजन सुराज पदयात्रा का 6ठा दिन:
पीके महात्मा गांधी की कर्मभूमि पश्चिम चंपारण के भितिहरवा से 2 अक्टूबर को पदयात्रा पर निकले हैं। वह प्रतिदिन लगभग 10 किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं और लोगों से जनसंवाद करते हैं। उनकी जन सुराज पदयात्रा लगभग 15 महीने चलेगी। इस दौरान पीके राज्य में 3000 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। राज्य में व्यवस्था परिवर्तन के लिए बिहार के आवाम को तैयार कर रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version