पुलिस डयूटी मीट का समापन, दुमका ओवर ऑल चैंपियन और रांची बनी रनअप
रांची। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस डयूटी मीट पुलिस को दक्ष बनाने और जिम्मेदारी निभाने में अहम भूमिका निभाता है। पुलिस को हर तरह से तकनीकी रूप से मजबूत बनने की जरूरत है। हर क्षेत्र में दक्ष बनना पड़ेगा। तभी अपराध पर अंकुश लगेगा।
ठाकुर शनिवार को डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में 18वीं झारखंड राज्य पुलिस डयूटी मीट प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस मजबूत होगी तभी जनता सुरक्षित रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारी पुलिस अब टेक्निकली पूरी तरह से दक्ष है। नए बहाल सब इंस्पेक्टर में इंजीनियर हैं तो कोई दूसरे टेक्निकल मामलों में दक्ष है। एक दिन ऐसा भी आएगा जब झारखंड में गंभीर अपराध के मामले पूरी तरह से थम जाएंगे। एक दो अपराध ही होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने की। पुलिस के जरिए ही यह संभव है। झारखंड में उग्रवाद और नक्सलवाद में काफी कमी आयी है। यह पुलिस की दक्षता का ही नतीजा है। एक-दो साल में झारखंड में पूरी तरह से नक्सलवाद का सफाया हो जायेगा। साथ ही कहा कि पुलिस जनता पर विश्वास कायम कर आपराधिक घटनाओं पर काबू पा सकती है। उन्होंने साइबर क्राइम को लेकर चिंता जताई और डीजीपी से कहा कि इस पर विशेष तौर पर काम होना चाहिए ताकि राज्य से साइबर अपराध का भी खात्मा हो सके।
डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस की दक्षता बढ़ाने के लिए पुलिस डयूटी मीट का आयोजन किया जाता है। महिलाओं और बच्चों के लिए पुलिस बेहतर कार्य कर रही है। झारखंड पुलिस नक्सल समस्या पर बेहतर कार्य कर रही है। इसकी प्रशंसा गृह मंत्री दिल्ली की बैठक में भी कर चुके है।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान झारखंड पुलिस की सात टीमों के प्रतिभागियों ने अपराध अनुसंधान के विषयों को लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। झारखंड पुलिस ड्यूटी मीट में सर्वाधिक पुरस्कार के साथ दुमका ओवर ऑल चैंपियन बनी जबकि रांची की टीम दूसरे स्थान पर रहकर रनरअप बनी।
पुलिस डयूटी मीट प्रतियोगिता में फॉरेंसिक साइंस में देवघर के शाहदेव प्रसाद प्रथम स्थान, पश्चिमी सिंहभूम की सब इंस्पेक्टर मीनू कुमारी दूसरे स्थान, बोकारो सब-इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार तीसरे स्थान पर रहे। फिंगर प्रिंट में पहले स्थान पर नविता कुमारी महतो, एटीएस के अनिल कुमार तिवारी दूसरे और सब-इंस्पेक्टर मीनू कुमारी तीसरे स्थान पर विजयी हुई।
इसी प्रकार फोटोग्राफी में पहले स्थान पर शाहदेव प्रसाद, दूसरे स्थान पर अनिल कुमार तिवारी और तीसरे स्थान पर मीनू कुमारी ने जीत हासिल की। इसके अलावा क्राइम इंवेस्टिगेशन लॉ रूल्स एंड प्रोसिजर्स एंड कोर्ट जजमेंट में पहला स्थान शाहदेव प्रसाद, दूसरा प्रशांत कुमार और तीसरा राजीव रंजन और अनिल कुमार तिवारी, मेडिको लीगल ओरल में प्रथम स्थान शाहदेव प्रसाद, दूसरे नविता कुमार महतो और तीसरे स्थान पर रवि शंकर विजयी रहे। लिफ्टिंग पैकिंग एंड फॉरवर्डिंग ऑफ एक्जिविट्स में प्रथम स्थान इकबाल हुसैन, दूसरा स्थान रोहित कुमार कालिंदी और तीसरा स्थान सतीश कुमार एवं प्रशांत कुमार पर रहे।