रांची। शहर के हरमू मैदान में शनिवार को संकल्प यात्रा के समापन समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री के कामकाज और भ्रष्टाचार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में विकास का कोई काम नहीं हो रहा है। पूरी सरकार कमाने में लगी हुई है। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, तब प्रदेश की आधारभूत संरचना मजबूत हुई। सड़क, पुल, पुलिया बने। चुनाव से पहले हेमंत सरकार ने कई घोषणाएं की थीं। रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हेमंत सरकार के रहते विकास नहीं हो सकता। यह सिर्फ अपना विकास कर रही है। सरकारी दफ्तरों में बिना पैसे का कोई काम नहीं होता। खनिजों की लूट मची हुई है। हेमंत सरकार लुटेरों को संरक्षण दे रही है। लुटेरों को बचाने के लिए सरकार सुप्रीम कोर्ट के महंगे वकील लाती है।

हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने तक संघर्ष करना पड़ेगा : अर्जुन मुंडा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रदेश की हालत से जनता अवगत है। सरकार राज्य के साथ धोखाधड़ी कर रही है। जनता को सताने का काम कर रही है। हमें राज्य को हर स्तर पर बचाना है। सरकार को उखाड़ फेंकने तक हमें सजग होकर संघर्ष करना पड़ेगा। मौके पर मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत राज्य के 263 प्रखंडों और 49 नगर निकायों से संग्रहित की गई मिट्टी भी मंच पर रखी गई है। राज्य भर से अमृत कलश में मिट्टी एकत्रित कर यहां लाई गई है।

रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने राज्य में अलख जगाने का काम किया है। राज्य में खनिज, आदिवासी भाई बहन के जमीन लूटने वालों के लिए चुनौती है। उन्होंने कहा कि चार सालों से जो सरकार चल रही है यह जनहित के मुद्दों से हट गई है। इन्होंने जो भी वादा किया उसे पूरा नहीं किया। आज राज्य की जनता कराह रही है।

भोगनाडीह की वीर भूमि से अमर शहीद सिदो-कान्हू को नमन कर शहीदों की पवित्र धरती संथाल परगना से संकल्प यात्रा का आगाज हुआ था। सभा में छह विधानसभा क्षेत्रों को इस यात्रा में शामिल किया गया, जिसमें रांची, हटिया, कांके, मांडर, खिजरी, तमाड़ विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version