घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का किया आह्वान

जमशेदपुर। संकल्प यात्रा के सातवें चरण के दौरान घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। जनसभा को संबोधित करते हुए गुरुवार को मरांडी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्र में डेंगू से सर्वाधिक मौतें हुई हैं। कोल्हान स्वास्थ्य मंत्री का क्षेत्र है, जहां डेंगू ने पांव पसार रखा है। ऐसे में झारखंड की स्थिति क्या होगी समझा जा सकता है। मुख्यमंत्री के प्रमंडल दुमका की स्थिति भी बद से बदतर है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के सरकार में बालू पर टैक्स नहीं लगता था। हेमंत सरकार ने बालू घाट दिल्ली मुंबई वालों को दे दिया। झारखंड में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। हेमंत सरकार में अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो गया है। प्रत्येक दिन चोरी, डकैती, हत्या, अपहरण, दुष्कर्म हो रहा है। अपराधी बेखौफ हैं। आम आदमी डरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अंचल ब्लॉक और जिला के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिये कोई काम नहीं होता है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए घुस देना पड़ता है। हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।

उन्होंने कहा कि जो परिवार और पैसे के लिए राजनीति करते हैं उनसे झारखंड का कभी भला नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों पर एफआईआर के लिए हेमंत सरकार को कई पत्र लिखा गया है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रहा है। हेमंत सरकार भ्रष्ट अधिकारियों के साथ खड़ी है। ऐसे सरकार को उखाड़ फेंकना है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version