गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य में अपराध को नियंत्रित करने के अपने वादे को पूरा करने की दिशा में सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। आज मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए एक डेटा शीट साझा किया। जिसमें पिछले पांच वर्षों में राज्य में अपराध दर में गिरावट संबंधी आंकड़ा प्रस्तुत किया गया है।

हत्या, बलात्कार और डकैती जैसे गंभीर अपराधों की घटती प्रवृत्ति से आशावादी और उत्साहित मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने शोसल मीडिया के जरिए कहा कि “असम को अपराध मुक्त राज्य बनाने की हमारी प्रतिबद्धता सही दिशा में सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने लिखा कि राज्य में दर्ज सभी गंभीर प्रकृति के अपराधों की घटती प्रवृत्ति पर अपडेट साझा कर रहा हूं।”

मुख्यमंत्री द्वारा साझा किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि 2019 में 1235 हत्या के मामलों की तुलना में 2023 में हत्या के मामले घटकर 686 हो गए। जबकि, राज्य में 2019 में बलात्कार के 1952 मामलों की तुलना में 2023 में 656 बलात्कार के मामले दर्ज किए गए हैं। इसी प्रकार डकैती के मामलों में भी भारी गिरावट देखी गई है। 2019 में दर्ज डकैती के 198 मामलों की तुलना में 2023 में डकैती के सिर्फ 55 मामले दर्ज किए गए हैं।

आंकड़ों पर बारीकी से नजर डालने पर पता चलता है कि पिछले पांच वर्षों में बलात्कार के मामलों की संख्या में भारी गिरावट आई है। अधिकतम् मामले 2019 और 2021 में दर्ज किए गए थे।

मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आंकड़ों के अलावा राज्य में अपराध के घटते ग्राफ के बीच असम पुलिस की सक्रियता भी उल्लेखनीय है। असम पुलिस द्वारा इन दो वर्षों में हजारों की संख्या में ड्रग्स के तस्कर तथा अरबों रुपए के ड्रग्स पकड़े गए। इसमें कोई शक नहीं कि चोरी, डकैती, हत्या, बलात्कार आदि की घटनाएं राज्य में इन दोनों भी हो रही हैं। लेकिन, अपराध को अंजाम देने के बाद ही सही अपराधी पकड़े जा रहे हैं।

वहीं, पुलिसवालों द्वारा सड़कों पर आम जनता से की जाने वाली धन-उगाही में भी काफी कमी आई है। डॉ सरमा के मुख्यमंत्री बनने और जीपी सिंह के डीजीपी बनने के बाद से कई भ्रष्ट पुलिसकर्मियों एवं पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई है। वहीं, सीएम विजिलेंस द्वारा भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों एवं पुलिस अधिकारियों को पकड़ा गया है।

कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि असम अपराध को नियंत्रित करने की दिशा में अपनी पकड़ को मजबूत बनाता जा रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version