-झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का उद्घाटन
रांची। रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 में मंगलवार को 19वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का उद्घाटन गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल और डीजीपी अनुराग गुप्ता ने किया। मौके पर वंदना दादेल ने कहा कि आज झारखंड पुलिस की वजह से ही विकास के कार्य जमीन पर उतर रहे हैं। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि राज्य की सुरक्षा के लिए अपराधियों का जेल में बंद रहना बेहद जरूरी है। बेहतर अनुसंधान से ही दोषियों को सजा दिलायी जा सकती है। इसके लिए झारखंड पुलिस लगातार काम कर रही है। डीजीपी ने बताया कि पुलिस ड्यूटी मीट तनाव से भरे पल से निकलने का एक जरिया भी है।
पुलिस ड्यूटी मीट के दौरान अनुसंधान की तरह-तरह के तरीके को भी प्रैक्टिकल रूप में दिखाया गया। इस दौरान सीआइडी आइजी असीम विक्रांत मिंज ने बताया कि इस वर्ष भी झारखंड पुलिस के जवान बेहतर तकनीक के बल पर अपराधियों को सजा दिलाने के गुर सीखेंगे। इस प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान पर आने वाली टीमों को मिलाकर राज्य की टीम तैयार की जायेगी, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए भेजा जायेगा।
पुलिस ड्यूटी मीट के दौरान राज्य भर की आठ टीमों में शामिल 80 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के बीच मुकाबला होगा। जैप वन परिसर रांची में 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है।