रांची। झारखंड में होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग की घोषणा हो गयी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय मंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी और असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। गठबंधन में सीट फार्मूला फाइनल होने के बारे में जानकारी देते हिमंता ने बताया कि राज्य की 10 सीटों पर आजसू पार्टी अपना कैंडिडेट देगी। जदयू को दो और लोजपा (आर) को एक सीट दी गयी है। आजसू पार्टी सिल्ली, रामगढ़, इचागढ़, गोमिया, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर सीट पर चुनाव लड़ेगी। जदयू जमशेदपुर पश्चिमी और तमाड़ तथा लोजपा (आर) चतरा सीट पर लड़ेगी। बाकी सीटों पर भाजपा अपना कैंडिडेट देगी। उन्होंने कहा कि यह अभी तक की बातचीत और रजामंदी पर आधारित है। अगर आगे यह महसूस होगा कि कुछ सीटों की अदला-बदली हो या एक-दो सीट इधर उधर हो, तो परिस्थिति के अनुसार निर्णय लिया जायेगा। एक-दो सीटों पर आगे अदलाबदली हो सकती है। लेकिन अभी यही फाइनल है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी होगी। यह शनिवार को भी संभव है। महाराष्ट्र और झारखंड की सूची साथ जारी हो सकती है। कहा कि झारखंड की सूची तैयार है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एनडीए यहां मजबूती से चुनाव लड़ेगा। हेमंत सोरेन सरकार के कुशासन को खत्म करना है। जनता बदलाव के लिए तैयार है। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो, सांसद सीपी चौधरी और पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस भी उपस्थित थे।

कुशासन का होगा खात्मा
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में एनडीए की सरकार है। झारखंड सरकार ने राज्य में तबाही और विनाश मचा रखा है। झारखंड में केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि बेटियों की आजीविका और उनकी जमीन बचाने और भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए एनडीए मिल कर चुनाव लड़ेगा।

इस सरकार के कुशासन से कोई अछूता नहीं
मौके पर आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि जब भी भाजपा, आजसू पार्टी साथ रही हो, अपेक्षित परिणाम आये हैं। कहा कि वर्तमान सरकार के कुशासन से कोई वर्ग अछूता नहीं है। यह भारत की पहली सरकार है, जिसके पास न तो शासन है और न ही नीति। क्षेत्रीय पार्टी होने के नाते वे एनडीए के साथ गठबंधन कर चुनाव लडेंÞगे

वादाखिलाफी करती रही सरकार
बाबूलाल मरांडी ने मौके पर कहा कि एनडीए गठबंधन राज्य की जनता के लिए चुनाव जीतना चाहेगा। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते कहा कि उन्होंने 5 लाख नौकरी देने का वादा किया था। उन्होंने अपने पिता की कसम खायी थी। विधानसभा के अंदर कहा था कि बेरोजगारी भत्ता देंगे। पूरे पांच साल बीत गये, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। माताओं-बहनों के साथ इतने अपराध हुए। सुरक्षा तक नहीं दे पाये। आदिवासियों का नाम लेते रहे, लेकिन आज उनकी क्या स्थिति है? रांची के आसपास जमीन दलाल हैं। उन्होंने सेना की जमीन भी नहीं छोड़ी। संथाल परगना को देखें, तो वहां की आबादी 44% से घट कर 28% रह गयी है। इसलिए हमें अपनी रोटी, बेटी और मिट्टी को बचाना है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version