आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड को जल्द ही मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल मिलेगा। इस दिशा में हेमंत सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी क्षेत्र में अपोलो मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शिलान्यास करेंगे। झारखंड के मरीजों को गंभीर बिमारियों के इलाज के लिए देश के दूसरे शहरों के चक्कर काटनें से मुक्ति मिलेगी। अब वो दिन दूर नहीं, जब रांची में ही वो हर इलाज संभव होगा, जिसके लिए लोगों को नयी दिल्ली, चेन्नई, मुंबई, हैदराबाद जैसे शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। शिलान्यास के मौके पर राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, सरकार के उच्चाधिकारी और अपोलो अस्पताल इंटरप्राइज की एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरपर्सन डॉ प्रीता रेडी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

अपोलो अस्पताल का निर्माण स्मार्ट सिटी में होने जा रहा है। यह हेमंत सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र मेंं बेहतर सुविधा उपलब्ध करानें की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अपोलो के 310 बेड के इस मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हृदय विज्ञान सहित 50 से ज्यादा नैदानिक विशिष्टताएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल निर्माण के लिए रांची नगर निगम ने रांची स्मार्ट सिटी से जमीन लेकर अपोलो प्रबंधन को नि:शुल्क उपलब्ध कराया है। स्मार्ट सिटी में 2.75 एकड़ जमीन पर ये अस्पताल जल्द आकार लेगा और झारखंड के मरीजों को अपने ही शहर में इलाज उपलब्ध करायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version