हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने पार्टी का अंगवस्त्र देकर दिलायी सदस्यता
-लुइस मरांडी जामा से हो सकती हैं झामुमो की प्रत्याशी
रांची। पूर्व मंत्री और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ लुइस मरांडी सोमवार देर रात सीएम हेमंत सोरेन से रांची में मुलाकात की है। संभव है कि उन्हें जामा से टिकट मिल जाये जहां से झामुमो के टिकट पर सीता सोरेन लगातार जीतती रही हैं। चूंकि दुमका से हेमंत के छोटे भाई और पूर्व मंत्री बसंत सोरेन का टिकट तय माना जा रहा है। ऐसे में जामा के लिए सीता के विकल्प के तौर पर मिल सकता है। बता दें इससे पहले लुइस मरांडी ने भाजपा से से इस्तीफा दे दिया है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को चिट्ठी लिख कर औपचारिक जानकारी दे दी है। इसमें उन्होंने भाजपा से अपना सियासी सफर शुरू करने और 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें मौका देने तथा मंत्री बनाने के लिए आभार जताया है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में आंतरिक अनुशासन कमजोर हुआ है। निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुर्इं सीता सोरेन को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन पर जानबूझ कर गंभीर आरोप लगाये थे। इसके बाद उन्हें अपेक्षा थी कि पार्टी के लीडर इस पर पहल करेंगे पर ऐसा हुआ नहीं। लुइस के मुताबिक उन्हें 2024 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से तैयारी करने को कहा गया था पर उनकी उपेक्षा हुई। ऐसे में अब वे भारी मन से पार्टी से इस्तीफा दे रही हैं।

इन भाजपा नेताओं ने थामा जेएमएम का दामन
झामुमो के निति-सिद्धांत, पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन के मार्गदर्शन एवं पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर आस्था व्यक्त करते हुए भाजपा की पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक लुइस मरांडी, पूर्व विधायक घाटशिला लक्ष्मण टुडू, पूर्व विधायक बहरागोड़ा कुणाल षाड़ंगी, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महली, पूर्वी सिंहभूम के भाजपा जिलाध्यक्ष बारी मुर्मू, भाजपा नेता बास्को बेसरा पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने सभी को पार्टी का अंगवस्त्र पहना कर पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version