पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के गोला बस्ती में सोमवार देर रात एक स्क्रैप टाल में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों तक पहुंच गईं और पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग पटाखे की चिंगारी से भड़की हो सकती है। आग तेजी से फैलने लगी थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर दमकल की गाड़ियां थोड़ी देर से पहुंचतीं, तो आग पास की बस्ती में फैल सकती थी और जनहानि की स्थिति बन सकती थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय और उनके प्रतिनिधि नीरज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्यों का जायजा लिया और टाल संचालक से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। स्क्रैप टाल के मालिक सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि पूजा कर लौटने के कुछ ही देर बाद स्थानीय लोगों ने फोन कर आग की सूचना दी थी। विधायक प्रतिनिधि नीरज सिंह ने बताया कि समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version